7 जवानों की शहादत का आरोपी नक्सली बना हथियारों के ठिकाने का राजदार, जंगल में दफन SLR और 290 गोलियों का बताया पता, पुलिस पहुंची तो मौके पर….

A Naxalite accused in the martyrdom of 7 soldiers has revealed the location of a hidden arms cache; he disclosed the spot in the forest where an SLR and 290 rounds of ammunition were buried—when the police arrived at the site...

मेदिनीनगर : झारखंड के पलामू जिले में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। 13 लाख रुपये के इनामी कुख्यात माओवादी जोनल कमांडर संजय यादव उर्फ गोदराम उर्फ बुधराम की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल में छिपाकर रखे गए हथियारों का जखीरा बरामद किया है। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के केमो-दुधिया जंगल में छापेमारी के दौरान एक SLR राइफल, 290 जिंदा कारतूस और हथियारों से जुड़े कई अन्य सामान मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामदगी के बाद नक्सली संगठन के हथियारों के नेटवर्क को लेकर जांच तेज कर दी गई है।

पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संजय यादव को महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जंगल में छिपाए गए हथियार और कारतूस बरामद किए।

महाराष्ट्र में छिपा था 13 लाख का इनामी नक्सली

पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, संजय यादव पिछले करीब एक महीने से महाराष्ट्र के ठाणे में छिपकर रह रहा था। 6 नवंबर को मुंबई एटीएस ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। इसकी जानकारी मिलने के बाद पलामू पुलिस ने एसडीपीओ छतरपुर प्रशांत कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक कुमार सौरभ को महाराष्ट्र भेजा।

इसके बाद संजय यादव को विधिवत गिरफ्तार कर 7 नवंबर को ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लाया गया। 9 नवंबर को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बाद में 10 नवंबर को पिपरा थाना में दर्ज एक मामले में पुलिस ने उसे दो दिनों के रिमांड पर लिया। इसी दौरान पूछताछ में उसने हथियार छिपाकर रखे जाने की जानकारी दी।

जंगल से SLR राइफल और 290 कारतूस बरामद

संजय यादव की निशानदेही पर पुलिस ने हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के केमो-दुधिया जंगल में छापेमारी की। यहां से एक 7.62 एमएम स्वचालित SLR राइफल और कुल 290 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

बरामद कारतूसों में 7.62 एमएम के 140 और 0.303 एमएम के 150 कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा SLR की तीन खाली मैगजीन, राइफल का एक बट, एक मैगजीन पाउच, फ्रंट साइट और चार्जर समेत अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं।
जमीन विवाद से शुरू हुआ था माओवादी संगठन का सफर

पुलिस पूछताछ में संजय यादव ने बताया कि करीब 15 साल पहले गोतिया के साथ जमीन विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद वह माओवादी संगठन में शामिल हो गया था। हैरानी की बात यह है कि पुलिस के अनुसार, करीब डेढ़ दशक तक उग्रवादी गतिविधियों में शामिल रहने के बावजूद उसे विवादित जमीन नहीं मिल सकी।

एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान हिंसा और गलत रास्ते से नहीं हो सकता। उन्होंने युवाओं से उग्रवाद का रास्ता छोड़कर समाज और मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की।
63 आपराधिक मामलों में था आरोपी, 7 जवानों की शहादत से भी जुड़ा नाम

संजय यादव पर झारखंड में 10 लाख और बिहार में 3 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ झारखंड और बिहार में कुल 63 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इनमें पलामू के 32, बिहार के औरंगाबाद के 20, गया के 10 और गढ़वा का एक मामला शामिल है।

पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2016 में छतरपुर थाना क्षेत्र के कालापहाड़ में विस्फोट के बाद पुलिस बल पर हुई फायरिंग की घटना में भी उसकी संलिप्तता थी। इस हमले में सात पुलिसकर्मी शहीद हुए थे।

इसके अलावा वर्ष 2014 में विश्रामपुर थाना क्षेत्र के छोटकी कौड़िया गांव में टीपीसी के 15 कमांडरों और सदस्यों की हत्या की घटना में भी उसकी भूमिका बताई गई है। वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान हरिहरगंज थाना क्षेत्र में भाजपा कार्यालय को विस्फोट से उड़ाने की घटना में भी उसका नाम सामने आया था।
नक्सली नेटवर्क और सहयोगियों की भूमिका की जांच

पुलिस अब संजय यादव के सहयोगियों और संगठन के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित माओवादी संगठन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

इस कार्रवाई में एसडीपीओ हुसैनाबाद दिव्यांश शुक्ला, एसडीपीओ छतरपुर प्रशांत कुमार, हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कुमार सौरभ समेत पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।

Chauhan

It is one of the rapidly emerging news websites of the country. HPBL has proved its name (Har Pal Breaking Live) meaningful every time. HPBL, which has become a trusted brand of Bihar-Jharkhand, check every news of HPBL for its reliability before delivering it to you. The reporters and desk staff of hpblnews.com news website work on a 24X7 mission mode for you, the readers.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close