नेपाल में बाढ़ से मचा हाहाकार, अब बिहार की बढ़ी टेंशन! 8 जिलों में हाई अलर्ट, NDRF की टीमें तैनात

नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद बिहार में प्रशासन अलर्ट मोड पर, गंडक नदी से जुड़े इलाकों पर खास नजर; बेतिया, मोतिहारी से लेकर गोपालगंज तक तैयारी तेज

पटना। बिहार से सटे नेपाल में बुधवार सुबह आई बाढ़ ने अब बिहार की चिंता भी बढ़ा दी है। नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद बिहार में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। खासकर गंडक नदी से जुड़े जिलों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

बुधवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन विभाग की अहम बैठक हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबंधित जिलों के डीएम और एसपी/एसएसपी भी बैठक में शामिल हुए। अधिकारियों को किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इन जिलों में सबसे ज्यादा सतर्कता

गंडक नदी से जुड़े इलाकों में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए बेतिया, मोतिहारी, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

इसके अलावा सीतामढ़ी और शिवहर समेत अन्य संवेदनशील जिलों में भी स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारियों को नदी के जलस्तर के साथ-साथ तटबंधों, निचले इलाकों, पुल-पुलियों और अन्य संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी करने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर स्थानीय लोगों को समय रहते अलर्ट करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नेपाल के कई इलाकों में फ्लैश फ्लड का खतरा

नेपाल के रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, गोरखा, लमजुंग और तनहुँ के गंडक कैचमेंट क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड का उच्च जोखिम बताया गया है।

वहीं दोलखा और सिंधुपालचोक के कोसी कैचमेंट में भी फ्लैश फ्लड का खतरा है। इसके अलावा कोसी, बागमती और गंडक कैचमेंट के कई अन्य इलाकों में मध्यम स्तर के जोखिम का अनुमान है।

ऐसे में नेपाल से आने वाली नदियों के जलस्तर पर बिहार प्रशासन की खास नजर बनी हुई है।

गंडक बैराज के सभी गेटों पर नजर, नहरों में पानी छोड़ने के निर्देश

स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग को गंडक बैराज के सभी गेटों और उससे जुड़ी नहरों में पानी के प्रवाह के संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन किसी भी संभावित जलस्तर वृद्धि से निपटने के लिए पहले से तैयारी कर रहा है, ताकि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।

गोपालगंज और बेतिया में पहुंचेगी NDRF

संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए गोपालगंज में NDRF की एक टीम भेजने का निर्देश दिया गया है। वहीं एक अन्य टीम को मुजफ्फरपुर में स्टैंडबाय पर रखा जाएगा।

बेतिया में भी NDRF की टीम की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त NDRF और SDRF टीमों को भी तत्काल भेजा जाएगा।

कम्युनिटी किचन और शेल्टर की तैयारी

प्रशासन ने संबंधित जिलों को कम्युनिटी किचन, राहत शिविर और पर्याप्त नावों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।

इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर QRT और दूसरे जरूरी संसाधनों की तत्काल तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं।

हर दिन मीडिया को ब्रीफ करेंगे अधिकारी

बाढ़ की स्थिति को लेकर अफवाहों पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारियों को हर दिन मीडिया को स्थिति की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।

नेपाल की बाढ़ ने बढ़ाई बिहार की चिंता

नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद बिहार में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। फिलहाल सबसे ज्यादा निगरानी गंडक, कोसी और बागमती से जुड़े क्षेत्रों पर रखी जा रही है। अब आने वाले घंटों में नदियों के जलस्तर और नेपाल से आने वाले पानी की स्थिति पर सबकी नजर रहेगी।

Anita Nishad

Anita Nishad is a dedicated and insightful journalist currently serving as a key voice at HPBL News. With a deep-rooted passion for storytelling and truth-seeking, Anita has become a trusted name in digital and broadcast journalism, particularly known for her ability to bring grassroots issues to the forefront.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *