Dumka News: BJP विधायक के रसोइये की फंदे से मौत, मचा हड़कंप! देवेंद्र कुंवर समेत 9 पर FIR, हत्या या आत्महत्या पर सस्पेंस
विधायक के आवास पर दो महीने से काम कर रहा था सोनू, कमरे में पंखे से लटका मिला शव; परिजनों ने लगाया हत्या के बाद शव लटकाने का आरोप

Dumka News: दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के नौनीहाट से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां जरमुंडी से BJP विधायक देवेंद्र कुंवर के रसोइये सोनू राउत का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने आत्महत्या की बात से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है।
मामले में विधायक देवेंद्र कुंवर समेत 9 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने FIR दर्ज होने की पुष्टि की है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
परिजनों ने कहा- हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाया
मृतक के परिजनों ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि सोनू ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या करने के बाद शव को पंखे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
FIR में विधायक के परिवार और उनके निजी स्टाफ से जुड़े लोगों को आरोपी बनाया गया है। नामजद आरोपियों में विधायक देवेंद्र कुंवर, उनकी पत्नी, बेटा रवि कुमार, बेटे की पत्नी, विधायक के साला मिथिलेश कुमार सिंह, सरहज, सरहज के बेटे, निजी चालक और निजी स्टाफ से जुड़े व्यक्ति शामिल हैं।
हालांकि, इन आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।
एसपी बोले- जांच के बाद ही सामने आएगी सच्चाई
दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर अभी यह तय करना संभव नहीं है कि सोनू की मौत हत्या है या आत्महत्या।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसपी के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और पुलिस अनुसंधान में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दो महीने से विधायक के यहां कर रहा था काम
सोनू राउत देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र के दोयम तेलियाडीह गांव का रहने वाला था। वह करीब दो महीने से नौनीहाट स्थित विधायक के यहां रसोइये के तौर पर काम कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, मनसा पूजा के दौरान सोनू अपने गांव गया था और शनिवार को ही वापस नौनीहाट लौटा था।
परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह सोनू ने नाश्ता तैयार किया और इसके बाद अपने कमरे में चला गया। दोपहर में जब खाना बनाने के लिए उसे तलाशा गया तो कमरे में उसका शव पंखे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
बेटे की मौत की खबर सुनकर पिता ने खा लिया जहरीला पदार्थ
सोनू की मौत की खबर मिलने के बाद उसके पिता अनिल राउत ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बाद में परिजन बिना अस्पताल को सूचना दिए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरी जगह ले गए। अस्पताल प्रबंधन ने बिना सूचना मरीज को ले जाने के कारण उन्हें LAMA (Left Against Medical Advice) घोषित कर दिया।
संताल परगना में BJP के एकमात्र विधायक हैं देवेंद्र कुंवर
देवेंद्र कुंवर जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र से BJP के विधायक हैं। हालिया विधानसभा चुनाव में संताल परगना की 18 विधानसभा सीटों में BJP की ओर से जीत दर्ज करने वाले वे एकमात्र विधायक रहे। वह लगातार तीसरी बार विधानसभा पहुंचे हैं।
अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजर
सोनू की संदिग्ध मौत के बाद हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच की जा रही है। एक तरफ परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं, वहीं पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
अब पोस्टमार्टम, फोरेंसिक रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों से ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर सोनू की मौत के पीछे क्या राज था और कमरे में उसका शव फंदे तक कैसे पहुंचा।









