Dumka News: कुछ पल की मस्ती बनी जिंदगी की आखिरी घड़ी! चेकडैम में नहाने गए दो छात्रों की डूबकर मौत, ढाई घंटे बाद निकले शव
Dumka News: दोस्तों के साथ चेकडैम में नहाने पहुंचे दो स्कूली छात्रों को क्या पता था कि यह उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। तेज बहाव के बीच दोनों गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद किए जा सके। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

दुमका: झारखंड के दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के भाटीन गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। धोबेय नदी पर बने चेकडैम में नहाने गए दो स्कूली छात्रों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान रमण कुमार और उमेश सिंह के रूप में हुई है।
दोस्तों के साथ नहाने पहुंचे थे छात्र
जानकारी के मुताबिक, रमण कुमार और उमेश सिंह रविवार शाम अपने कुछ दोस्तों के साथ चेकडैम में नहाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वहां कुछ बच्चे रील भी बना रहे थे। इसी दौरान दोनों छात्र गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
दोनों को डूबता देखकर उनके साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और छात्रों की तलाश शुरू की। सूचना मिलने के बाद हंसडीहा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।
तेज बहाव ने बढ़ाई मुश्किल, ढाई घंटे चला रेस्क्यू
पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण धोबेय नदी का बहाव काफी तेज था। तेज पानी के बीच चेकडैम में उतरकर छात्रों की तलाश करना ग्रामीणों के लिए बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा था।
करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद चेकडैम के नीचे एक पिलर के पास रमण का सिर दिखाई दिया। इसके बाद स्थानीय युवकों का एक दल पानी में उतरा और काफी प्रयास के बाद उसका शव बाहर निकाला गया।
मृतक की पहचान रमण कुमार, पिता संतोष मंडल के रूप में हुई।
इसके बाद ग्रामीणों ने दूसरे छात्र उमेश सिंह की तलाश शुरू की। रस्सी की मदद से पानी में उतरकर काफी देर तक खोजबीन की गई। आखिरकार उसका शव भी बरामद कर लिया गया। उमेश की पहचान उमेश सिंह, पिता राजेंद्र सिंह के रूप में हुई।
एक 10वीं तो दूसरा 9वीं कक्षा का छात्र
हादसे में जान गंवाने वाला रमण कुमार हंसडीहा हाईस्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र था, जबकि उमेश सिंह 9वीं कक्षा में पढ़ता था।
दोनों छात्रों की मौत की खबर जैसे ही उनके परिवारों तक पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, भाटीन गांव में भी घटना के बाद से शोक का माहौल है।
पोस्टमार्टम को लेकर सोमवार को होगा फैसला
हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि काफी मशक्कत के बाद दोनों छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
थाना प्रभारी के अनुसार, शाम हो जाने के कारण फिलहाल शव परिजनों के जिम्मे हैं। परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कह रहे हैं। ऐसे में सोमवार सुबह परिजनों से बातचीत के बाद पोस्टमार्टम को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
बारिश के बाद नदी और चेकडैम में बढ़ा खतरा
लगातार बारिश के कारण नदी और चेकडैम में पानी का बहाव तेज हो गया है। ऐसे में बरसात के दौरान नदी, तालाब और चेकडैम में नहाना जानलेवा साबित हो सकता है।
दुमका की इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर चेतावनी दी है कि बारिश के मौसम में जलस्रोतों में बढ़े पानी और तेज बहाव को हल्के में लेना कितना भारी पड़ सकता है।








