महिलाओं को फिर चोटी बनाने की सलाह दे बैठे नानी, वायरल हुआ बयान; सोशल मीडिया पर लोगों ने पूछा- आपकी इतनी राय क्यों?
‘द पैराडाइज’ के प्रमोशन के दौरान हेयरस्टाइल को लेकर नानी ने की टिप्पणी, रिपोर्टर से बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

Nani: साउथ सिनेमा के अभिनेता नानी इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘द पैराडाइज’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। फिल्म में अपने किरदार ‘जडल’ के लुक और हेयरस्टाइल को लेकर बात करते हुए नानी ने महिलाओं के बालों और चोटी बनाने के चलन पर भी टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा कि आजकल महिलाएं कम ही चोटी बनाए नजर आती हैं और यह हेयरस्टाइल दोबारा चलन में आना चाहिए।
कर्नाटक में फिल्म के प्रमोशनल इवेंट के दौरान हुई यह बातचीत शुरुआत में हल्की-फुल्की थी, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो और बयान की चर्चा होने के बाद इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कुछ लोगों ने इसे मजाकिया बातचीत बताया, जबकि कुछ यूजर्स ने नानी के सुझाव पर सवाल उठाए।
अपने किरदार के हेयरस्टाइल से शुरू हुई बात
‘द पैराडाइज’ में नानी ‘जडल’ नाम का किरदार निभा रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने चोटी वाला हेयरस्टाइल अपनाया है। इसी लुक के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि आजकल उन्हें महिलाएं बहुत कम चोटी बनाए हुए दिखाई देती हैं।
नानी ने वहां मौजूद एक महिला रिपोर्टर की ओर इशारा करते हुए भी कहा कि उन्होंने चोटी नहीं बनाई है। अभिनेता ने पुराने समय को याद करते हुए बताया कि किस तरह मां अपनी बेटियों के बाल गूंथा करती थीं।
उन्होंने यह भी कहा कि लोगों पर पश्चिमी संस्कृति का प्रभाव बढ़ रहा है और उन्हें उम्मीद है कि उनका किरदार ‘जडल’ चोटी वाले हेयरस्टाइल को फिर से लोकप्रिय बनाने में भूमिका निभाएगा।
रिपोर्टर ने भी दिया जवाब
नानी की टिप्पणी के बाद एक रिपोर्टर ने बातचीत का रुख पुरुषों के लंबे बालों की तरफ मोड़ दिया। इस पर नानी ने अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए कहा कि उस समय लड़कियों के बाल काफी घने हुआ करते थे।
उन्होंने बालों में तेल लगाने और चोटी बनाने को मजबूत बालों से भी जोड़ा और महिलाओं को बाल गूंथने तथा तेल लगाने की सलाह दी, ताकि उन्हें उनके किरदार ‘जडल’ जैसे बाल मिल सकें।
इसी दौरान एक महिला रिपोर्टर ने मजाक करते हुए कहा कि अगर नानी ने फिल्म के लिए विग लगाने के बजाय वास्तव में अपने बाल बढ़ाए होते, तो शायद कोई महिला उनकी बात मानती। इस पर नानी हंस पड़े।
जब रिपोर्टर ने कहा कि आजकल महिलाओं के पास बालों की देखभाल के लिए पहले की तरह ज्यादा समय नहीं है, तो नानी ने भी इस बात को स्वीकार किया।
सोशल मीडिया पर बंटे लोगों के रिएक्शन
बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ यूजर्स ने नानी और रिपोर्टर्स के बीच हुई बातचीत को मजेदार बताया, जबकि कुछ ने महिलाओं के हेयरस्टाइल को लेकर अभिनेता की टिप्पणी की आलोचना की।
एक यूजर ने लिखा कि महिलाओं को चोटी बनाने में समय, मेहनत और अभ्यास लगता है और आज उनके पास इससे ज्यादा जरूरी काम हैं। वहीं, एक अन्य यूजर ने पुरुषों के पारंपरिक पहनावे को लेकर सवाल उठाते हुए नानी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी।
कुछ यूजर्स ने बालों से जुड़ी दूसरी समस्याओं का जिक्र करते हुए भी सवाल उठाए। एक टिप्पणी में हार्ड वाटर से होने वाली बालों की समस्या का जिक्र किया गया। वहीं एक अन्य यूजर ने सवाल किया कि पुरुषों की महिलाओं के लुक और हेयरस्टाइल को लेकर इतनी राय क्यों होती है।
24 सितंबर को रिलीज होगी ‘द पैराडाइज’
नानी की फिल्म ‘द पैराडाइज’ का निर्देशन श्रीकांत ओडेला ने किया है। फिल्म में नानी के साथ कयादु लोहार, मोहन बाबू और राघव जुयाल भी नजर आएंगे।
फिल्म 24 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रिलीज से पहले नानी का ‘चोटी’ वाला कमेंट अब फिल्म के प्रमोशन से इतर सोशल मीडिया पर चर्चा का एक अलग विषय बन गया है।









