बड़ी खबर : झारखंड हाईकोर्ट में तीन नये जजों की हुई नियुक्ति, केंद्र सरकार ने जारी की अधिसूचना, जानिये तीनों नये न्यायाधीशों के बारे में ….
Big News: Three new judges appointed to the Jharkhand High Court; Central Government issues notification; find out more about the three new judges...

रांची। झारखंड हाईकोर्ट में तीन नये जजों की नियुक्ति होगी। इस नयी घोषणा के बाद अब झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ गई है। केंद्र सरकार ने तीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीशों को हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त करने की अधिसूचना जारी कर दी है। नई नियुक्तियों के बाद झारखंड हाईकोर्ट में अब कुल 16 न्यायाधीश हो गए हैं।इन नियुक्तियों के बावजूद हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के स्वीकृत पदों और कार्यरत जजों की संख्या के बीच अंतर बना हुआ है। हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल 25 पद स्वीकृत हैं।
तीन पीडीजे अब हाईकोर्ट में संभालेंगे जिम्मेदारी
जारी हुई केंद्र की अधिसूचना के बाद झारखंड सुपीरियर ज्यूडिशियल सर्विस कैडर के तीन अधिकारियों की हाईकोर्ट में नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। इनमें गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज प्रसाद, साहिबगंज के पीडीजे अखिल कुमार और डालटनगंज के पीडीजे राम शर्मा शामिल हैं।
तीनों की नियुक्ति सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की अनुशंसा के बाद हुई है। कॉलेजियम ने इन अधिकारियों को हाईकोर्ट में पदोन्नत करने की सिफारिश की थी, जिसके बाद केंद्र सरकार ने नियुक्ति संबंधी नोटिफिकेशन जारी किया।
13 से बढ़कर 16 हुई संख्या
तीन नई नियुक्तियों से पहले झारखंड हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस एमएस सोनक समेत 13 न्यायाधीश कार्यरत थे। अब यह संख्या बढ़कर 16 हो गई है।हालांकि, स्वीकृत संख्या के मुकाबले अभी भी हाईकोर्ट में 9 न्यायाधीशों के पद खाली हैं। यानी नई नियुक्तियों के बाद भी हाईकोर्ट अपने स्वीकृत 25 न्यायाधीशों की पूरी क्षमता के साथ काम नहीं कर रहा है।
जिला अदालतों से हाईकोर्ट तक पहुंचे तीन अधिकारी
नई नियुक्तियों में शामिल तीनों अधिकारी न्यायिक सेवा से आते हैं और फिलहाल अलग-अलग जिलों में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उनकी नई नियुक्ति के बाद वे झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश के तौर पर कार्य करेंगे।इन नियुक्तियों से हाईकोर्ट में लंबित मामलों की सुनवाई और न्यायिक कार्यों के संचालन के लिए उपलब्ध न्यायाधीशों की संख्या में इजाफा होगा।









