मौत बनकर बरसा बरगद का पेड़, कार में बैठे किशोरों पर भरभराकर गिरा पेड़, एक की दर्दनाक मौत

मूसलाधार बारिश और तेज आंधी के बीच मसौधा बाजार में हुआ हादसा, बाजार गए परिवार पर टूटा कुदरत का कहर, एक किशोर गंभीर रूप से घायल

अयोध्या। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और तेज आंधी-तूफान के बीच एक दर्दनाक हादसे ने सभी को दहला दिया। प्रयागराज हाईवे पर थाना पूराकलंदर क्षेत्र के मसौधा बाजार में तेज हवाओं के बीच सड़क किनारे खड़ा विशाल बरगद का पेड़ अचानक भरभराकर एक कार के ऊपर जा गिरा। पेड़ के नीचे कार पूरी तरह दब गई। हादसे में कार में बैठे एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि घायल किशोर के बड़े भाई पंकज शुक्ला कार से मसौधा बाजार सामान खरीदने पहुंचे थे। उनके साथ दोनों किशोर भी आए थे। पंकज कार से उतरकर बाजार में सामान लेने चले गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान के बीच भारी-भरकम बरगद का पेड़ कार के ऊपर गिर गया। पंकज उस समय कार से बाहर थे, जिसकी वजह से वह बाल-बाल बच गए।

प्रत्यक्षदर्शी दुकानदार अनमोल गुप्ता के मुताबिक, कार में तीन लोग आए थे। कार चालक सामान लेने के लिए बाहर चला गया था। इसी दौरान पीछे बैठे एक किशोर ने आगे ड्राइवर सीट संभाली, जबकि एक अन्य किशोर भी आगे बैठा था। अचानक पेड़ धीरे-धीरे झुकते हुए कार पर गिर गया। पेड़ गिरते ही कार उसके नीचे दब गई और अंदर बैठे किशोर इसकी चपेट में आ गए।

हादसे के बाद मसौधा बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह कार में दबे किशोरों को बाहर निकाला। हादसे में एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों किशोर शिवदासपुर शुक्ल गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मृत किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि आंधी-तूफान और बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। साथ ही तेज हवा के दौरान बड़े और पुराने पेड़ों के नीचे वाहन खड़ा नहीं करने की सलाह दी गई है।

Anita Nishad

Anita Nishad is a dedicated and insightful journalist currently serving as a key voice at HPBL News. With a deep-rooted passion for storytelling and truth-seeking, Anita has become a trusted name in digital and broadcast journalism, particularly known for her ability to bring grassroots issues to the forefront.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close