Jharkhand News: VIP और VVIP की सुरक्षा पर हर साल 150 करोड़ रुपये खर्च, 117 लोगों को मिली अलग-अलग श्रेणी की सुरक्षा

राज्य में करीब 2000 जवान VIP और VVIP सहित अन्य लोगों की सुरक्षा में तैनात, पांच लोगों को Z+ और चार लोगों को Z श्रेणी की सुरक्षा मिली।

रांची। झारखंड में VVIP और VIP सहित अन्य विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा पर सरकार हर साल करीब 150 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। राज्य में कुल 117 VVIP और VIP श्रेणी के व्यक्तियों को अलग-अलग स्तर की सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा जिला स्तरीय सुरक्षा समिति की अनुशंसा पर भी कई अन्य लोगों को सुरक्षा दी गई है। इन सभी की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए राज्य में करीब 2000 जवान तैनात किए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, राज्य में सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए दो स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। पहली समिति मुख्यालय स्तर पर काम करती है, जबकि दूसरी जिला स्तर पर गठित है। मुख्यालय स्तर पर गठित समिति की समीक्षा और अनुशंसा के आधार पर विशिष्ट व्यक्तियों को Z+, Z, Y+, Y और X श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जाती है। वहीं, किसी व्यक्ति की ओर से सुरक्षा की मांग किए जाने पर जिला स्तरीय सुरक्षा समिति मामले की समीक्षा करती है। इसके बाद समिति की अनुशंसा के आधार पर संबंधित व्यक्ति को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है।

सुरक्षा में तैनात 2000 जवानों पर हर साल 150 करोड़ का खर्च

राज्य में मुख्यालय और जिला स्तरीय सुरक्षा समितियों की अनुशंसा के आधार पर VVIP, VIP और अन्य लोगों की सुरक्षा में लगभग 2000 जवान लगाए गए हैं। इन जवानों को औसतन 60 से 75 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलता है। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवानों के वेतन और अन्य खर्चों को मिलाकर सरकार को हर साल करीब 150 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।

पांच लोगों को Z+ श्रेणी की सुरक्षा

मुख्यालय स्तर पर गठित समिति की अनुशंसा के आधार पर झारखंड में 117 विशिष्ट व्यक्तियों को अलग-अलग श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। इनमें पांच लोगों को सबसे उच्च Z+ श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। इस श्रेणी में राज्यपाल, मुख्यमंत्री और कुछ पूर्व मुख्यमंत्री शामिल हैं।

वहीं, राज्य में चार व्यक्तियों को Z श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सहित अन्य लोग शामिल हैं।

विधानसभा अध्यक्ष, मधु कोड़ा और गृह सचिव को Y+ सुरक्षा

झारखंड में तीन व्यक्तियों को Y+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। इनमें विधानसभा अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और गृह सचिव शामिल हैं। इसके अलावा 28 व्यक्तियों को Y श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। इस सूची में राज्य सरकार के मंत्री, पूर्व मंत्री, कुछ सांसद और पुलिस अधिकारी शामिल हैं।

77 लोगों को X श्रेणी की सुरक्षा

राज्य में सबसे अधिक 77 व्यक्तियों को X श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। इनमें विधायक, कुछ पूर्व विधायक और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता शामिल हैं। इस तरह झारखंड में VVIP और VIP सहित अन्य विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सरकार हर साल बड़ी राशि खर्च कर रही है।

 

Anita Nishad

Anita Nishad is a dedicated and insightful journalist currently serving as a key voice at HPBL News. With a deep-rooted passion for storytelling and truth-seeking, Anita has become a trusted name in digital and broadcast journalism, particularly known for her ability to bring grassroots issues to the forefront.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close