झारखंड : ढोल-नगाड़े बजाकर पुलिस ने चस्पा किया नोटिस, 21 दिन में सरेंडर करो वरना होगी कुर्की-जब्ती
Jharkhand: Police play drums and cymbals while posting a notice—surrender within 21 days or face attachment and seizure of property.

बोकारो : ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच पुलिस आरोपी के घर पहुंची और दरवाजे पर नोटिस चस्पा कर दिया। झारखंड के बोकारो जिले की बेरमो थाना पुलिस ने दूसरे की जमीन दिखाकर रकम लेने के मामले में आरोपी दीपक के खिलाफ यह कार्रवाई की है। पुलिस ने रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित ब्लॉक चौक के समीप ढोल-नगाड़े बजाकर सार्वजनिक रूप से इश्तिहार चस्पा किया।
जमीन के नाम पर रकम लेने का है आरोप
जानकारी के अनुसार, आरोपी दीपक पर दूसरे की जमीन दिखाकर रकम लेने का आरोप है। इस मामले में पीड़ित ने बेरमो थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मामले में अदालत ने आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
ढोल-नगाड़े के साथ पुलिस की कार्रवाई
अदालत के आदेश के बाद बेरमो थाना पुलिस आरोपी के ठिकाने पर पहुंची। रांची के ओरमांझी स्थित ब्लॉक चौक के पास पुलिस ने ढोल-नगाड़े बजाकर आरोपी के घर पर इश्तिहार चस्पा किया। इस दौरान आरोपी को निर्धारित समय सीमा के भीतर अदालत में आत्मसमर्पण करने का संदेश दिया गया।
21 दिन का अल्टीमेटम, नहीं तो होगी कुर्की
पुलिस ने आरोपी दीपक को 21 दिनों के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। निर्धारित अवधि में सरेंडर नहीं करने पर उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश और आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।









