होटवार जेल में बंदी से कथित सामूहिक यौन हिंसा का मामला, बाबूलाल मरांडी ने जेल IG को निलंबित करने की मांग की
20 वर्षीय विचाराधीन बंदी के साथ तीन बार यौन हिंसा का आरोप, मरांडी ने सीबीआई जांच और पीड़ित व गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की उठाई मांग।

रांची। झारखंड की राजधानी रांची स्थित होटवार जेल से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। जेल में बंद 20 वर्षीय विचाराधीन बंदी के साथ कथित सामूहिक यौन हिंसा किए जाने के आरोपों ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने जेल आईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल को तत्काल पद से हटाने और निलंबित करने की मांग की है। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच राज्य की एजेंसियों के बजाय केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की भी मांग उठाई है।
बाबूलाल मरांडी के अनुसार, पीड़ित युवक के साथ तीन अलग-अलग अवसरों पर सामूहिक यौन हिंसा की गई। आरोप है कि उसे जबरन नशीला पदार्थ पिलाया गया और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। मरांडी ने यह भी आरोप लगाया कि पीड़ित की शिकायत फाड़ दी गई और रक्तस्राव होने के बावजूद उसे उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई। इतना ही नहीं, रिहाई के समय भी उसकी चिकित्सकीय जांच नहीं कराई गई। इस मामले में पीड़ित के पिता की शिकायत पर 12 नवंबर को खेलगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पहले भी जेल में सामने आ चुका है कथित यौन शोषण का मामला
मरांडी ने मई 2026 में इसी जेल की एक महिला बंदी से जुड़े कथित यौन शोषण के मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस प्रकरण में झारखंड हाईकोर्ट ने जेल आईजी की जांच रिपोर्ट और राज्य की जांच व्यवस्था पर असंतोष जताया था। ऐसे में मौजूदा मामले की निष्पक्षता को लेकर भी सवाल उठते हैं। उन्होंने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई को सौंपी जाए, ताकि मामले से जुड़े सभी तथ्यों और संभावित लापरवाही की स्वतंत्र जांच हो सके।
सीबीआई जांच, अधिकारियों के निलंबन और सुरक्षा की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने मौजूदा मामले के साथ जेल में हुई पूर्ववर्ती गंभीर घटनाओं की भी सीबीआई जांच कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निलंबित करने और कथित घटना में शामिल आरोपित कैदियों को दूसरी जेल में स्थानांतरित करने की मांग उठाई है। इसके अलावा पीड़ित और मामले के गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है।
मरांडी ने जेल के सीसीटीवी फुटेज, ड्यूटी रजिस्टर और चिकित्सा से जुड़े सभी अभिलेखों को तत्काल सुरक्षित रखने की मांग की है, ताकि जांच के दौरान किसी भी महत्वपूर्ण साक्ष्य के साथ छेड़छाड़ न हो सके। अब इस मामले में जिला पुलिस और जेल प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।









