अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन भी रह गए पीछे, इस खिलाड़ी ने जीता ‘इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज’ मेडल
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत ने 3-0 से जीती टी20 सीरीज, ड्रेसिंग रूम में खास मेडल के लिए अक्षर पटेल के नाम का हुआ ऐलान

नई दिल्ली। अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में खेली गई तीन मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया। गुरुवार को खेले गए सीरीज के आखिरी मुकाबले के बाद अवॉर्ड सेरेमनी में जहां खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया, वहीं भारतीय ड्रेसिंग रूम में एक खास मेडल भी दिया गया।
यह मेडल था ‘इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का और इसके लिए टीम मैनेजमेंट ने अभिषेक शर्मा या संजू सैमसन के बजाय अक्षर पटेल को चुना।
क्यों मिला अक्षर पटेल को खास मेडल?
भारतीय टीम के फिजियो हेड कमलेश जैन ने अक्षर पटेल को यह मेडल देने की वजह बताते हुए उनके ऑलराउंड योगदान की तारीफ की।
उन्होंने कहा कि अक्षर पावरप्ले में महत्वपूर्ण ओवर डालने से लेकर फील्डिंग तक हर जिम्मेदारी को शांत तरीके से निभाते हैं। 30 गज के घेरे के अंदर हो या बाउंड्री लाइन पर, वह अपना पूरा योगदान देते हैं।
कमलेश जैन ने कहा कि अक्षर टीम के ‘मोटो’ को अपनाते हुए व्यक्तिगत प्रदर्शन से पहले टीम को प्राथमिकता देते हैं। इसी वजह से ‘इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का मेडल अक्षर पटेल को दिया गया।
फील्डिंग कोचिंग स्टाफ ने भी की तारीफ
सीरीज में भारतीय टीम की फील्डिंग की भी जमकर तारीफ हुई। बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने टीम के फील्डिंग प्रदर्शन का जिक्र करते हुए श्रेयस अय्यर के डायरेक्ट हिट, ईशान किशन के रन आउट के लिए किए गए थ्रो और तिलक वर्मा के शानदार कैच को याद किया।
उन्होंने कहा कि फील्डिंग में टीम का प्रदर्शन शानदार रहा।
मेडल मिलने के बाद अक्षर ने क्या कहा?
इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज का मेडल मिलने के बाद अक्षर पटेल ने पूरी टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि टीम ने तीनों मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया और मैदान पर वही करने की कोशिश की, जिसकी योजना बनाई गई थी।
अक्षर ने आगे कहा कि अब अगला लक्ष्य एशियन गेम्स जीतना है और टीम वहां भी अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी।
अब एशियन गेम्स पर नजर
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में 3-0 की जीत के बाद भारतीय टीम का अगला फोकस एशियन गेम्स पर है। भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने भी टीम को एशियन गेम्स के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
वहीं, जापान में होने वाले एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी वीवीएस लक्ष्मण संभालेंगे। ऐसे में सीरीज जीत के बाद टीम इंडिया के सामने अब अगले बड़े टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन को जारी रखने की चुनौती होगी।









