एशियन गेम्स 2026: भारतीय क्रिकेट टीमों को नहीं मिलेगा 5-स्टार होटल, नागोया में ही की गई रहने की व्यवस्था
Asian Games 2026: Indian cricket teams will not get 5-star hotels; accommodation has been arranged in Nagoya itself.

जापान में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीम जल्द ही रवाना होने वाली हैं। आमतौर पर विदेश दौरों पर 5-स्टार होटलों में ठहरने वाली टीम इंडिया को इस बार एशियाई खेलों के दौरान 5-सितारा होटल की सुविधा नहीं मिलेगी। हालांकि, बीसीसीआई (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने साफ किया है कि आयोजकों द्वारा की गई व्यवस्था खिलाड़ियों के लिए आरामदायक और संतोषजनक है।
नागोया में होटलों की कमी बना मुख्य कारण
भारतीय दल की ‘सेंड-ऑफ सेरेमनी’ के दौरान राजीव शुक्ला ने बताया कि प्रतियोगिता के मुख्य स्थल नागोया में 5-स्टार होटलों की कमी है। यदि टीम को 5-स्टार होटल में ठहराना होता, तो उन्हें टोक्यो या ओसाका में रखना पड़ता, जो नागोया से बुलेट ट्रेन के जरिए लगभग 1.5 घंटे की दूरी पर हैं।
राजीव शुक्ला ने कहा, “आयोजक जो कुछ भी उपलब्ध करवा रहे हैं, खिलाड़ी वहीं रहेंगे। हमने भी वहां की व्यवस्थाओं के फोटो और वीडियो देखे हैं, वह रहने के लिए एक अच्छी जगह है। टोक्यो या ओसाका बहुत दूर पड़ते, इसलिए सभी टीमों के साथ नागोया में ही ठहरने का फैसला लिया गया। निश्चित रूप से वे 5-स्टार होटल तो नहीं हैं, लेकिन व्यवस्था काफी अच्छी है।”
मिलेगा सिंगल रूम, नहीं होगी रूम शेयरिंग
क्रिकेटरों के लिए ठहरने की व्यवस्था में एक अहम बदलाव किया गया है। इतिहास में अक्सर 2 खिलाड़ी एक कमरा शेयर करते आए हैं, लेकिन इस बार सभी भारतीय खिलाड़ियों को अलग-अलग (सिंगल) रूम दिए जाएंगे। ठहरने का यह इंतजाम एशियन गेम्स आयोजन समिति, भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) और जापान क्रिकेट एसोसिएशन (JCA) ने मिलकर किया है।
ग्राउंड और ड्रेसिंग रूम की कमियों को किया गया दुरुस्त
शुरुआत में एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अधिकारियों को मैदान, पिच और ड्रेसिंग रूम को लेकर कुछ आपत्तियां थीं। हालांकि, जापानी आयोजकों ने उन सभी कमियों को समय रहते सुधार लिया है और अब ACC सभी सुविधाओं से पूरी तरह संतुष्ट है।
क्रिकेट मैचों का शेड्यूल
महिला क्रिकेट: मैच 17 सितंबर से शुरू होकर 22 सितंबर तक चलेंगे। भारतीय महिला टीम 18 सितंबर को जापान के खिलाफ क्वार्टरफाइनल मुकाबला खेलेगी।
पुरुष क्रिकेट: मैच 24 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच खेले जाएंगे। भारतीय मेंस टीम 28 सितंबर को अपना पहला मुकाबला खेलेगी।







