भारत को बड़ा झटका: एंकल इंजरी के कारण 2026 एशियाई खेलों और पूरे सीजन से बाहर हुए नीरज चोपड़ा
Major blow for India: Neeraj Chopra ruled out of the 2026 Asian Games and the entire season due to an ankle injury.

नई दिल्ली: भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा एंकल (टखने) में लिगामेंट टियर के कारण आगामी 2026 एशियाई खेलों सहित इस पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। ट्रेनिंग के दौरान लगी इस चोट के बाद डॉक्टरों और अपनी मेडिकल टीम की सलाह पर नीरज ने यह कड़ा फैसला लिया है। शनिवार (29 अगस्त) को सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर नीरज ने खुद अपने फैंस के साथ यह जानकारी शेयर की।
लय में लौटते ही लगी चोट
नीरज चोपड़ा के लिए यह फैसला बेहद निराशाजनक रहा, क्योंकि वह चोट से ठीक पहले अपनी सर्वश्रेष्ठ लय हासिल करने की ओर बढ़ रहे थे। हाल ही में 21 अगस्त को आयोजित लॉजेन डायमंड लीग में नीरज ने 88.05 मीटर का थ्रो कर इस सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (Season Best Throw) किया था। हालांकि, इस शानदार प्रदर्शन के तुरंत बाद अभ्यास सत्र के दौरान उनके टखने का लिगामेंट फट गया।
सोशल मीडिया पर नीरज ने बयां किया दर्द
“काफी मेहनत के बाद, मुझे लगा कि लॉजेन में ‘सीजन के बेस्ट थ्रो’ के साथ मुझे वह रिदम मिल रहा है जिसकी मुझे तलाश थी। लेकिन अफसोस, इसके कुछ वक्त बाद ट्रेनिंग के दौरान मेरे एंकल में लिगामेंट टियर हुआ। डॉक्टर और टीम से सलाह के बाद फैसला किया है कि मैं इस सीजन के बाकी हिस्से में हिस्सा नहीं लूंगा।”
”यह निराशाजनक है, खासकर इसलिए क्योंकि मुझे लग रहा था कि मैं अपनी लय पाने के करीब हूं। लेकिन जैसा कि कहा जाता है, रुकावटें सफर का हिस्सा होती हैं। अब मेरा ध्यान अच्छी तरह से रिकवर होने और और भी मजबूती से वापसी करने पर है।”
भारत की गोल्ड मेडल की उम्मीदों को झटका
एशियाई खेलों में नीरज चोपड़ा का बाहर होना भारतीय एथलेटिक्स दल के लिए बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है। पिछले (2023) हांगझोऊ एशियाई खेलों में नीरज ने 88.88 मीटर का थ्रो करके स्वर्ण पदक अपने नाम किया था, जबकि साथी खिलाड़ी किशोर जेना ने सिल्वर मेडल हासिल कर भारत के लिए ऐतिहासिक डबल पोडियम फिनिश दर्ज की थी।
सीजन के बाकी मुकाबलों से हटने के कारण नीरज अब 5 सितंबर को ब्रुसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। फिलहाल उनका पूरा ध्यान सही इलाज कराने और मैदान पर दमदार वापसी करने पर टिका हुआ है।







