झारखंड: JEE मेंस एग्जाम में गड़बड़ी का बड़ा खुलासा, गैंग के तीन आरोपियों को पुलिस ने दबोचा, 70 कंप्युटर पकड़ाया,

Jharkhand: Major revelation of irregularities in JEE Main exam, police arrested three gang members, seized 70 computers.

JEE मेन परीक्षा में धांधली कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
________________________________________
रामगढ़। JEE मेन परीक्षा से पहले एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रामगढ़ में एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो परीक्षा में धांधली की साजिश रच रहा था। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित JEE मेन परीक्षा 2 से 8 अप्रैल के बीच होनी थी। इसके लिए रामगढ़ स्थित राधा गोबिन्द यूनिवर्सिटी को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इसी विश्वविद्यालय के कंप्यूटर लैब में परीक्षा के दौरान गड़बड़ी करने की साजिश रची जा रही थी। रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि गिरोह चुनिंदा परीक्षार्थियों को पास कराने के नाम पर मोटी रकम वसूल रहा था।

इसके लिए परीक्षा केंद्र के कंप्यूटर सिस्टम में तकनीकी छेड़छाड़ कर अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, विश्वविद्यालय के एक कर्मचारी की सतर्कता के चलते इस पूरे खेल का समय रहते खुलासा हो गया।पुलिस ने इस मामले में रामगढ़ निवासी तकनीकी कर्मचारी दिनेश कुमार महतो, रांची जिले के ओरमांझी निवासी शाकिर अंसारी और बिहार के सारण जिले के सूरज कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 70 कंप्यूटर, एक सीपीयू, तीन राउटर, चार मोबाइल फोन और एक टोयोटा फॉर्च्यूनर वाहन (WB39E5455) जब्त किया है। इन उपकरणों का इस्तेमाल परीक्षा में गड़बड़ी करने के लिए किया जा रहा था।जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के नाम का दुरुपयोग करते हुए खुद को अधिकृत कर्मचारी बताकर लैब में प्रवेश पाया। इसके बाद उन्होंने कंप्यूटर सिस्टम बदलने और सॉफ्टवेयर स्तर पर छेड़छाड़ की तैयारी की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ के उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने तत्काल एक जांच समिति गठित कर दी है और पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि इस गिरोह के तार अन्य परीक्षा केंद्रों या राज्यों से जुड़े हैं या नहीं।

Related Articles