BREAKING: भूकंप के कुछ घंटों बाद मचा हड़कंप! मॉल में जोरदार धमाका, दूसरी मंजिल ढही… मलबे में दबे कई लोगों की आशंका
7.1 तीव्रता के भूकंप के बाद जापान से आई एक और बड़ी खबर, राहत दलों की रेस्क्यू ऑपरेशन जारी; धमाके और भूकंप के बीच संबंध पर अभी सस्पेंस बरकरार

टोक्यो/कुमामोटो: मंगलवार को जापान में आए 7.1 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के कुछ ही घंटों बाद एक और दर्दनाक घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया। कुमामोटो क्षेत्र के काशिमा टाउन स्थित एओन मॉल कुमामोटो में अचानक हुए तेज धमाके के बाद अफरा-तफरी मच गई। धमाके की वजह से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल का एक हिस्सा ढह गया, जिसके मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन कई लोग अब भी अंदर फंसे हुए हैं।
धमाके के बाद मची चीख-पुकार, दूसरी मंजिल का हिस्सा गिरा
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विस्फोट इतना जोरदार था कि मॉल की दूसरी मंजिल का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद पूरे परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग और आपातकालीन बचाव टीमों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
अग्निशमन अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। हालांकि, अभी तक मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की गई है।
पहले सुनाई दी धमाके जैसी आवाज, फिर मची अफरा-तफरी
घटना से पहले पुलिस को एओन मॉल आउटलेट से तेज विस्फोट जैसी आवाज सुनाई देने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहतकर्मी लगातार मलबा हटाकर लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।
कुछ घंटे पहले आया था 7.1 तीव्रता का भूकंप
इस हादसे से पहले जापान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था। जापान की मौसम एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र क्यूशू द्वीप के कुमामोटो प्रान्त के पास लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था। तेज झटकों के कारण कई इलाकों में लोग घरों और इमारतों से बाहर निकल आए थे।
क्या भूकंप से जुड़ा है मॉल का धमाका?
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मॉल में हुआ धमाका भूकंप का असर था या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है। अभी तक जापानी अधिकारियों ने दोनों घटनाओं के बीच किसी भी तरह के संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां मामले की पड़ताल कर रही हैं, जबकि राहत दल मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं।
स्थिति पर पूरे जापान की नजर बनी हुई है और अधिकारियों की ओर से हताहतों की संख्या तथा धमाके के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।









