छठ घाट के निरीक्षण पर निकले SSP तो बीच रास्ते बदल लिया रुख, निर्माणाधीन अर्बन हाट में अचानक मारी रेड

कांके डैम छठ घाट के पास असामाजिक तत्वों के जमावड़े और नशेबाजी की शिकायत पर SSP राकेश रंजन की कार्रवाई, थाना प्रभारी को लगाई कड़ी फटकार

रांची। छठ महापर्व को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में एसएसपी राकेश रंजन शहर के विभिन्न जलाशयों और छठ घाटों का निरीक्षण करने निकले थे। लेकिन कांके डैम छठ घाट के पास स्थानीय लोगों की एक शिकायत ने उनके निरीक्षण का रुख बदल दिया। लोगों ने पास ही स्थित निर्माणाधीन अर्बन हाट परिसर में असामाजिक तत्वों के जमावड़े और नशेबाजी की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर अचानक छापेमारी कर दी।

जानकारी के अनुसार, एसएसपी राकेश रंजन अपनी पूरी टीम के साथ कांके डैम छठ घाट पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्माणाधीन अर्बन हाट परिसर में अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। सुनसान और अधूरे भवन का फायदा उठाकर यहां नशेबाजी और अड्डेबाजी की जाती है। लोगों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई का फैसला किया।

इसके बाद एसएसपी अपनी टीम के साथ मुख्य रास्ते को छोड़कर झाड़ियों के बीच से होते हुए निर्माणाधीन अर्बन हाट परिसर में पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों के अचानक पहुंचने से पूरे इलाके में हलचल मच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिसर में केवल नशेबाजी ही नहीं, बल्कि आपराधिक गतिविधियों की योजना बनाए जाने की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में छठ महापर्व के दौरान यहां असामाजिक तत्वों की मौजूदगी श्रद्धालुओं और आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय है।

मौके पर पहुंचकर एसएसपी ने पूरे परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी को कड़ी फटकार लगाते हुए इलाके में नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया। एसएसपी ने साफ शब्दों में कहा कि अर्बन हाट परिसर में किसी भी कीमत पर नशेबाजी और अड्डेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने थाना प्रभारी को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इस इलाके से असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायत दोबारा मिली तो संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सीधे सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। छठ महापर्व को देखते हुए एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का स्पष्ट संदेश दिया है।

 

Anita Nishad

Anita Nishad is a dedicated and insightful journalist currently serving as a key voice at HPBL News. With a deep-rooted passion for storytelling and truth-seeking, Anita has become a trusted name in digital and broadcast journalism, particularly known for her ability to bring grassroots issues to the forefront.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close