तंत्र-मंत्र की सिद्धि के लिए मासूम बच्ची की बलि! चतरा में रिश्तों का कत्ल, मौसी समेत 3 गिरफ्तार

दीपावली की अमावस्या की रात भैसुर और भतीजे के साथ मिलकर की हत्या, धान के खेत में मिला बच्ची का शव; पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाई गुत्थी

चतरा। झारखंड के चतरा जिले से अंधविश्वास की ऐसी खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों और इंसानियत दोनों को शर्मसार कर दिया है। यहां कथित तौर पर तंत्र-मंत्र और सिद्धि प्राप्त करने के नाम पर एक मौसी ने अपने ही रिश्तेदारों के साथ मिलकर अपनी बहन की मासूम बेटी की हत्या कर दी। इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी मौसी सोहरी देवी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने दीपावली की अमावस्या की रात इस वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

मामले की जानकारी देते हुए एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि 11 नवंबर को प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चंद्री गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत चट्टी अनंतपुर गांव की रहने वाली सिताबिया देवी ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने बच्ची की तलाश और घटना की जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ चतरा सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।

जांच के दौरान 13 नवंबर 2026 को बच्ची का शव उसके घर से करीब 150 मीटर पश्चिम दिशा में स्थित धान के खेत से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। एसपी के अनुसार, पुलिस टीम ने महज 48 घंटे के भीतर इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली।

पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ, वह बेहद चौंकाने वाला है। एसपी ने बताया कि बच्ची की मौसी सोहरी देवी घर में ओझा-गुनी और झाड़-फूंक का काम करती थी। पुलिस के अनुसार, उसने तंत्र-मंत्र के जरिए सिद्धि प्राप्त करने के कथित उद्देश्य से अपने भैसुर बिन्दु भारती और भतीजे जुगेश भारती के साथ मिलकर बच्ची की हत्या की साजिश रची और दीपावली की अमावस्या की रात वारदात को अंजाम दिया। जांच में यह बात भी सामने आई है कि बच्ची के माता-पिता और आरोपियों के बीच पहले से आपसी विवाद चल रहा था। पुलिस इस पहलू को भी मामले की जांच में शामिल कर रही है।

पुलिस ने घटनास्थल और मुख्य आरोपी सोहरी देवी के घर से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। इनमें खून लगा हंसुआ, करनी, लोहे की छेनी, लाल रंग की टूटी चूड़ी और बाली, खून लगा पलाश का पत्ता, घास और बच्ची के कपड़े शामिल हैं। इसके अलावा तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल होने वाली बताई जा रही सामग्री, जैसे सिंदूर, इत्र, गुलाब जल, धूप और हल्दी भी बरामद की गई है। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इस पूरे मामले में एसपी अनिमेष नैथानी ने अंधविश्वास जैसी कुरीतियों को गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि अंधविश्वास के नाम पर एक मासूम की जान चली गई। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एसआईटी में प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन समेत पुलिस के कई जवान शामिल थे।

Anita Nishad

Anita Nishad is a dedicated and insightful journalist currently serving as a key voice at HPBL News. With a deep-rooted passion for storytelling and truth-seeking, Anita has become a trusted name in digital and broadcast journalism, particularly known for her ability to bring grassroots issues to the forefront.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close