Chhath Puja 2026: नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का आगाज, PM मोदी से राजनाथ सिंह तक ने दी शुभकामनाएं, व्रतियों को किया नमन

Chhath Puja News: लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा शुरू हो गया है। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ इस पवित्र पर्व का आगाज हुआ। छठ पर्व की शुरुआत होते ही देशभर में भक्तिमय माहौल बन गया है। इस खास अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई बड़े नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने छठी मैया और सूर्य देव से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। वहीं, व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें नमन किया।
PM मोदी ने छठी मैया से की सभी के कल्याण की कामना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया के माध्यम से देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आज नहाय-खाय है। सभी व्रतियों को मेरा नमन। सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले, यही कामना है।
प्रधानमंत्री के इस संदेश के जरिए उन्होंने छठ पर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को रेखांकित किया। छठ पूजा में व्रतियों की कठिन तपस्या, नियम और श्रद्धा का विशेष महत्व माना जाता है।
बीजेपी नेताओं ने भी देशवासियों को दीं शुभकामनाएं
छठ महापर्व के पहले दिन बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को बधाई दी। नेताओं ने इस पर्व को भारतीय संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति श्रद्धा का महत्वपूर्ण प्रतीक बताया। उन्होंने कामना की कि छठी मैया का आशीर्वाद सभी के जीवन में खुशहाली लेकर आए।
नितिन नवीन बोले- स्वच्छता, शुद्धता और अनुशासन का अनुपम उदाहरण है छठ
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने छठ पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चार दिवसीय छठ महापर्व पवित्र स्नान और सात्विक प्रसाद के साथ शुरू हो रहा है। यह महान पर्व स्वच्छता, शुद्धता, अनुशासन और सामूहिकता के मूल्यों का अनुपम उदाहरण है। यह सूर्य देव और प्रकृति के प्रति हमारी गहरी श्रद्धा को भी दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि नहाय-खाय के साथ शुरू होने वाला यह पर्व श्रद्धा और परंपरा के साथ-साथ स्वच्छता और सात्विक जीवनशैली का संदेश भी देता है।
राजनाथ सिंह ने छठ व्रतियों को किया नमन, सुख-समृद्धि की कामना
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी छठ महापर्व के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोक आस्था, पवित्रता और अटूट भक्ति का महापर्व छठ आज पवित्र अनुष्ठान नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। सूर्य देव की पूजा और छठी मैया की आराधना को समर्पित यह महान पर्व हमारी समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का अनूठा प्रतीक है।
राजनाथ सिंह ने देशभर के छठ व्रतियों को नमन करते हुए कामना की कि सूर्य देव और छठी मैया का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति, अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए।
बिप्लब कुमार देब ने भी दीं छठ पर्व की बधाई
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव बिप्लब कुमार देब ने भी छठ पूजा के पहले दिन देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश साझा करते हुए कहा कि छठी मैया का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख और खुशहाली लेकर आए। उन्होंने लोगों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
चार दिनों तक चलता है छठ महापर्व, डूबते और उगते सूर्य को दिया जाता है अर्घ्य
छठ पूजा बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में विशेष रूप से मनाया जाने वाला प्रमुख हिंदू पर्व है। हालांकि अब इसकी धार्मिक आस्था और लोकप्रियता देश के दूसरे हिस्सों में भी देखने को मिलती है। इस पर्व में श्रद्धालु डूबते और उगते सूर्य की उपासना करते हैं तथा उन्हें अर्घ्य अर्पित करते हैं। यही विशेषता छठ पूजा को सूर्य उपासना के अन्य स्वरूपों से अलग बनाती है।
हिंदू पंचांग के अनुसार, छठ पूजा कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाई जाती है। यह चार दिनों तक चलने वाला कठिन और पवित्र अनुष्ठान है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इसके बाद खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के साथ पर्व का समापन होता है।
छठ महापर्व के दौरान व्रती पूरी श्रद्धा और नियम के साथ उपवास रखते हैं। सूर्य देव और छठी मैया की आराधना करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की जाती है। यही वजह है कि छठ को लोक आस्था, त्याग, तपस्या और पारिवारिक कल्याण का महापर्व माना जाता है।









