महिला की सिपाही की मौत: प्रखंड कार्यालय में फांसी पर लटकी मिली लाश, जेब में रखा था सुसाइड नोट, इसे पहले भी आत्महत्या….
Woman constable's death: Body found hanging in block office, suicide note in pocket, had committed suicide before.

प्रखंड कार्यालय परिसर में तैनात एक महिला सिपाही ने आत्महत्या कर ली। शौचालय में फंदे से लटकी सिपाही की जेब से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
________________________________________
Lady Constable Death: महिला सिपाही ने फांसी पर लटककर जान दे दी। महिला सिपाही का नाम रितु कुमारी है, जो प्रखंड कार्यालय पदस्थ थी। पूरी घटना बिहार के सुपौल जिले के किशनपुर प्रखंड कार्यालय परिसर की है। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है ।मृतका की पहचान रितु कुमारी (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से भोजपुर जिले के सिकरहट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत पटखोली गांव की रहने वाली थी।
बताया जा रहा है कि वो मुजफ्फरपुर जिला पुलिस बल में कार्यरत थी और वर्तमान में भीमनगर में ट्रेनिंग ले रही थी। बताया जा रहा है कि 19 मार्च को ईद और रामनवमी के मद्देनजर विधि-व्यवस्था ड्यूटी के लिए उसे अन्य महिला पुलिसकर्मियों के साथ किशनपुर भेजा गया था। सभी महिला सिपाहियों को प्रखंड परिसर स्थित सभा भवन सहित अन्य स्थानों पर ठहराया गया था।
शनिवार रात रितु कुमारी शौचालय जाने की बात कहकर निकली और बंद पड़े एक शौचालय में चली गई। कुछ समय बाद जब वह बाहर नहीं आई तो अन्य सिपाहियों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलकर देखा गया तो वह दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई थी।बताया जा रहा है कि उसने शौचालय में छत के नीचे लगी कड़ी में दुपट्टा बांधकर और नीचे बैलेट बॉक्स रखकर फांसी लगाई।
घटना की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हंगामा करते हुए अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष और अन्य अधिकारियों ने शव को नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रितु कुमारी पहले भी प्रशिक्षण के दौरान आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी, लेकिन समय रहते उसे बचा लिया गया था।
सहकर्मियों ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में रहती थी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की गई। थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार ने बताया कि मृतका की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। साथ ही एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रितु के पिता जितेंद्र प्रसाद गुप्ता ने बताया कि उन्हें पहले सूचना दी गई थी कि उनकी बेटी बीमार है, लेकिन जब वे सुपौल पहुंचे तो उसकी मौत की खबर मिली। उन्होंने बताया कि रितु ने हाल ही में 2025 में नौकरी ज्वाइन की थी और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में मदद कर रही थी।









