झारखंड- ये कैसी मां ? चार साल की बेटी का घोंट दिया गला, फिर हो गयी फरार, दफनाकर बच्ची के लापता होने का रचा नाटक…
Jharkhand - What kind of mother is this? She strangled her four-year-old daughter, then fled, buried her, and then staged a disappearance...

झारखंड में एक मां द्वारा अपनी 4 वर्षीय बेटी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के बाद आरोपी महिला ने शव को दफनाकर बच्ची के लापता होने का नाटक किया, लेकिन पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ गई।
________________________________________
Jharkhand Crime News : झारखंड के सरायकेला जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत घोड़ानेगी स्थित चांडिल डैम कॉलोनी (जगजीवन कॉलोनी) में एक मां पर अपनी ही चार साल की मासूम बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
घर में अकेले होने पर हुई वारदात
बताया जा रहा है कि आरोपी लक्ष्मी कुमारी अपनी बेटी रीति कुमारी के साथ घर पर अकेली थी। उस समय उसका पति सोनाराम लोहार घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान आरोपी महिला ने कथित रूप से अपनी ही बेटी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
हत्या के बाद रची गई साजिश
घटना छिपाने के लिए आरोपी महिला ने बेहद शातिराना तरीका अपनाया। उसने पहले बच्ची के शव को घर के अंदर ही जमीन में गाड़ दिया और इसके बाद लोगों को यह बताने लगी कि उसकी बेटी अचानक लापता हो गई है। महिला के इस बयान के बाद पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी।हालांकि, पुलिस की सक्रियता और बढ़ती जांच से आरोपी घबरा गई। पकड़े जाने के डर से उसने दफनाए गए शव को बाहर निकाला और अपने ही घर के आंगन में छोड़ दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गई।
परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत
जब बच्ची के पिता सोनाराम लोहार घर लौटे, तो उन्होंने अपनी बेटी का शव आंगन में पड़ा देखा और पत्नी को गायब पाया। इस दृश्य को देखकर परिवार के लोग सदमे में आ गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत चांडिल थाना में शिकायत दर्ज कराई।शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और आरोपी महिला की तलाश तेज कर दी। पूरी रात तलाशी अभियान चलाया गया।
सुबह हुई गिरफ्तारी
सोमवार सुबह पुलिस और ग्रामीणों की मदद से आरोपी महिला को गांव के बाहर से पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ ने बताया कि आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही, बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पूरी पुष्टि हो सकेगी। हालांकि प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और इसे लेकर गहरा आक्रोश भी देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि एक मां द्वारा अपनी ही बेटी की हत्या करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अमानवीय है।









