देवी की मूर्ति लेकर निकले थे श्रद्धालु, रास्ते में मौत बनकर आया ट्रक; टेम्पो के उड़े परखच्चे, 5 की मौत
समृद्धि एक्सप्रेसवे पर देर रात हुआ भीषण हादसा, 21 लोग घायल; 4 से 5 घायलों की हालत बेहद गंभीर, शेगांव से वर्धा जा रहे थे श्रद्धालु

महाराष्ट्र के अमरावती जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। समृद्धि एक्सप्रेसवे पर देवी मां की मूर्ति लेकर जा रहे श्रद्धालुओं से भरे टेम्पो पिकअप को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक श्रद्धालु बुलढाणा जिले के शेगांव से देवी दुर्गा की मूर्ति लेकर वर्धा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12:45 बजे धामणगांव रेलवे के पास समृद्धि एक्सप्रेसवे के चैनल 97 पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।
तेज रफ्तार ट्रक ने टेम्पो को मारी सीधी टक्कर
पुलिस के अनुसार श्रद्धालुओं से भरा टेम्पो पिकअप समृद्धि एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टेम्पो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद धामणगांव रेलवे पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए धामणगांव ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल 21 लोगों का उपचार जारी है।
अमरावती ग्रामीण के एसपी निकेतन कदम के मुताबिक घायलों में चार से पांच लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। वहीं करीब 14 से 15 लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और ट्रक की रफ्तार कितनी थी। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
देवी मां की मूर्ति लेकर निकले श्रद्धालुओं के इस सफर का अंत इतना दर्दनाक होगा, किसी ने सोचा भी नहीं था। एक भीषण टक्कर ने पांच परिवारों से उनके अपनों को छीन लिया, जबकि कई लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।









