“मां ने खुद को कमरे में किया बंद, बेटे ने खिड़की तोड़ी… अंदर का मंजर देख कांप उठे पड़ोसी, 80 साल की मां की मौत”

अबोहर के संत नगर में नशे में धुत बेटे की खौफनाक करतूत; डर के मारे कमरे में बंद हुई थीं मां, पड़ोसियों ने आरोपी को मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले किया

अबोहर। पंजाब के अबोहर से पारिवारिक रिश्तों को झकझोर देने वाली एक बेहद दर्दनाक वारदात सामने आई है। संत नगर इलाके में सोमवार दोपहर एक नशे में धुत बेटे ने अपनी ही 80 वर्षीय मां पर प्रेशर कुकर से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

डर के मारे कमरे में बंद हो गई थीं मां

संत नगर की गली नंबर-1 में रहने वाला सुनील कुमार कथित तौर पर नशे की हालत में घर पहुंचा और अपनी मां कृष्णा रानी से विवाद करने लगा। बेटे के उग्र व्यवहार को देखते हुए बुजुर्ग मां ने खुद को कमरे में बंद कर लिया।

आरोप है कि इसके बाद सुनील ने कमरे की खिड़की तोड़ दी और अंदर दाखिल हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले अपनी मां के साथ मारपीट और बदसलूकी की। इसके बाद रसोई से प्रेशर कुकर लाकर उनके सिर पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण बुजुर्ग की मौत हो गई।

चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी पहुंचे

घटना के दौरान कमरे से चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने आरोपी को भागने से रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि कृष्णा रानी घटना से महज तीन दिन पहले ही अपने छोटे बेटे विजय कुमार के घर से यहां रहने आई थीं।

पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी हरीश कुमार और थाना नंबर-1 के प्रभारी मनिंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नर सेवा नारायण सेवा समिति की मदद से शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।

छोटे बेटे विजय कुमार के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Anita Nishad

Anita Nishad is a dedicated and insightful journalist currently serving as a key voice at HPBL News. With a deep-rooted passion for storytelling and truth-seeking, Anita has become a trusted name in digital and broadcast journalism, particularly known for her ability to bring grassroots issues to the forefront.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *