पटना कोचिंग विवाद: खान सर के संस्थान पर हमले के बाद पुलिस का बड़ा ऐक्शन, ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर सहित 3 हिरासत में
Patna coaching controversy: Police take major action after attack on Khan Sir's institute, 3 detained including Gyan Bindu Academy director

पटना: बिहार की राजधानी पटना में कोचिंग सेंटरों के बीच आपसी वर्चस्व की लड़ाई हिंसक रूप ले चुकी है। मंगलवार की रात पटना के मुसल्लहपुर स्थित प्रसिद्ध ‘खान ग्लोबल इंस्टीच्यूट’ पर हुए पथराव और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने बुधवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में प्रतिद्वंदी कोचिंग संस्थान ‘ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी’ के डायरेक्टर रौशन आनंद भी शामिल हैं, जिनसे पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। इस मामले में कदमकुआं थाने में 4 नामजद और 15 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।
वर्चस्व की लड़ाई में हुआ हमला
बताया जा रहा है कि दोनों ही बड़े कोचिंग संस्थान आसपास स्थित हैं और दोनों ही सिविल सर्विसेज व सामान्य अध्ययन (GS) की तैयारी कराते हैं। छात्रों की भारी संख्या के कारण दोनों संस्थानों के बीच काफी समय से वर्चस्व की जंग चल रही थी। मंगलवार रात को हुए इस हमले में खान सर के संस्थान के बैनर फाड़ दिए गए, ईंट-पत्थर फेंके गए और गार्ड के साथ भी बदसलूकी की गई। पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
”फिल्मों जैसा हुआ ऐक्शन” — पुलिसिया कार्रवाई से गदगद हुए खान सर
इस पूरे मामले में पुलिस की तत्परता देखकर खान सर बेहद खुश नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित ऑडियो में खान सर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार पुलिस की जमकर तारीफ की है।
खान सर ने कहा:
“रात में 3-4 बजे तक पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर आरोपियों को दबोच लिया। जैसे फिल्मों में पुलिस तुरंत ऐक्शन लेती है, बिल्कुल वैसा ही ऐक्शन यहां देखने को मिला। मैं तो दंग रह गया कि यह हमारे देश की पुलिस है। इस बेहतरीन कार्रवाई के लिए पुलिस को 10 में से 10 नंबर मिलने चाहिए।”
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तारीफ की
खान सर ने सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की प्रशासनिक क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि पहले हमें लगता था कि नीतीश जी के पास 30 सालों का लंबा अनुभव है और सम्राट जी अभी नए हैं, लेकिन उनके इस कड़े फैसले ने सबका दिल जीत लिया। ऊपर से कड़ा निर्देश आने के बाद ही पुलिस इतनी मुस्तैद दिखी।
उन्होंने बताया कि रात के 1 बजे खुद एसएसपी, सिटी एसपी और चार थानों की पुलिस उनके घर पहुंची थी और सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान कराकर उन्हें दबोचा गया। खान सर ने कहा कि वह जल्द ही व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलकर उन्हें इस त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद देंगे। फिलहाल एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।








