रांची- 1 लाख का ईनाम घोषित: 17 दिन भी मासूम अदिति का नहीं मिला सुराग, पुलिस ने ईनाम की राशि 50000 से बढ़ाकर की 1 लाख, रांची पुलिस ने…
Ranchi - 1 lakh reward announced: No trace of innocent Aditi found even after 17 days, police increased the reward amount from 50,000 to 1 lakh, Ranchi police...

रांची। 17 दिन बाद भी मासूम बच्ची अदिति का सुराग नहीं लग पाया है। रांची के कोकर इलाके से 9 मई से लापता बच्ची अदिति को लेकर राजधानी पुलिस खाक छान रही है, लेकिन अब तक ना तो बच्ची बरामद हुई है और ना ही अपराधियों का ही कोई सुराग लग पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सूचना देने वाले के लिए इनाम की राशि 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दी है। परिवार और स्थानीय लोगों में चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
अनहोनी की आशंका के बीच लोग काफी भयभीत भी हैं। पहले पुलिस ने 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया गया है। इसके बावजूद अब तक बच्ची के संबंध में कोई विश्वसनीय जानकारी पुलिस को नहीं मिल सकी है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार अदिति की तलाश के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया है।
रांची के अलावा आसपास के इलाकों में भी लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस तकनीकी जांच के जरिए हर संभावित सुराग तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।कोकर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों और लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
इसके अलावा कई लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि बच्ची तक पहुंचने में मदद मिल सके। पुलिस का कहना है कि मामले को बेहद संवेदनशीलता के साथ देखा जा रहा है। दूसरे जिलों और पड़ोसी राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया गया है, ताकि बच्ची के संभावित मूवमेंट या किसी संदिग्ध गतिविधि के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
परिवार की हालत बेहद खराब
अदिति के लापता होने के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार बच्ची की सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। परिवार ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी अदिति के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।परिवार के लोगों का कहना है कि हर गुजरते दिन के साथ उनकी चिंता बढ़ती जा रही है। बच्ची की तलाश में रिश्तेदार और स्थानीय लोग भी लगातार सहयोग कर रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से मांगा सहयोग
पुलिस ने भी आम लोगों से सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि छोटी से छोटी जानकारी भी जांच में अहम साबित हो सकती है। इसी वजह से लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी को कोई संदिग्ध जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें।पुलिस का कहना है कि मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा। तकनीकी टीम, स्थानीय पुलिस और अन्य एजेंसियां मिलकर बच्ची की तलाश में जुटी हैं।









