Samastipur DCLR Arrest: 2 लाख नकद और वॉशिंग मशीन की रिश्वत लेते DCLR गिरफ्तार, सरकारी आवास से 13.82 लाख रुपये और मिले

Samastipur DCLR Arrest: रोसड़ा की DCLR कंचन कुमारी झा 2 लाख रुपये और 37 हजार की वॉशिंग मशीन रिश्वत लेते गिरफ्तार। सरकारी आवास से 13.82 लाख रुपये अतिरिक्त नकद बरामद।

Big News। एक अनूठी घूसखोर महिला अफसर पकड़ में आयी है। महिला अफसर को नौकर के साथ गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक महिला अफसर का नाम कंचन कुमारी झा है, जो डीसीएलआर के पद पर पदस्थ थी। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर जिले के रोसड़ा की डीसीएलआर (भूमि सुधार उप-समाहर्ता) कंचन कुमारी झा को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

निगरानी की टीम ने गुरुवार को उनके सरकारी आवास से उन्हें गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान डीसीएलआर के घरेलू नौकर सुमित कुमार को भी पकड़ा गया है, जिस पर रिश्वत की रकम लेने में दलाल की भूमिका निभाने का आरोप है।

निगरानी टीम ने डीसीएलआर को 2 लाख रुपये नकद और करीब 37 हजार रुपये कीमत की नई वॉशिंग मशीन रिश्वत के रूप में लेते हुए पकड़ा। इसके बाद सरकारी आवास की तलाशी के दौरान 13 लाख 82 हजार रुपये की अतिरिक्त नकद राशि भी बरामद की गई। इस तरह कार्रवाई में कुल 15 लाख 82 हजार रुपये नकद और एक वॉशिंग मशीन बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

जमीन विवाद के मामले में मांगी थी रिश्वत

यह मामला विभूतिपुर निवासी मनोज कुमार महतो से जुड़ा बताया जा रहा है। उनका जमीन विवाद से संबंधित एक मामला डीसीएलआर के स्तर पर लंबित था। आरोप है कि मामले को उनके पक्ष में सुलझाने के एवज में डीसीएलआर कंचन कुमारी झा ने 2 लाख रुपये नकद और एक वॉशिंग मशीन की मांग की थी।शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। आरोपों की पुष्टि होने के बाद रिश्वतखोरी की शिकायत को लेकर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।

सुबह 9 बजे दो गाड़ियों से पहुंची थी टीम

गुरुवार सुबह करीब 9 बजे निगरानी की टीम दो गाड़ियों से रोसड़ा स्थित डीसीएलआर के सरकारी आवास पहुंची। उस समय कंचन कुमारी झा आवास पर ही मौजूद थीं।टीम ने कार्रवाई के दौरान घरेलू नौकर सुमित कुमार के माध्यम से रिश्वत की रकम और वॉशिंग मशीन लेने के आरोप में दोनों को हिरासत में लिया। निगरानी अधिकारियों का आरोप है कि घरेलू नौकर डीसीएलआर के लिए दलाल की भूमिका निभा रहा था।

सरकारी आवास से मिली 13.82 लाख की अतिरिक्त नकदी

गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने डीसीएलआर के सरकारी आवास की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 13 लाख 82 हजार रुपये की अतिरिक्त नकद राशि बरामद होने की बात सामने आई।आवास में तलाशी के दौरान बाहरी लोगों के प्रवेश और बाहर निकलने पर रोक लगा दी गई थी। अधिकारियों ने जमीन विवादों से जुड़े फैसलों, दाखिल-खारिज की फाइलों, बैंक पासबुक, निवेश संबंधी दस्तावेजों और लॉकर से जुड़ी जानकारी की भी जांच की।

दस्तावेज और नकदी के स्रोत की जांच जारी

निगरानी विभाग की टीम आवास से बरामद नकदी और दस्तावेजों के स्रोत की जांच कर रही है। तलाशी और दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया के दौरान स्थानीय पुलिसकर्मी भी आवास के बाहर तैनात रहे। कार्रवाई की खबर फैलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।मूल रूप से मधुबनी जिले की रहने वाली कंचन कुमारी झा करीब डेढ़ साल से रोसड़ा में डीसीएलआर के पद पर कार्यरत बताई जा रही हैं।

डीसीएलआर का पद राजस्व प्रशासन में महत्वपूर्ण माना जाता है और भूमि विवादों, दाखिल-खारिज तथा अपील से जुड़े मामलों की सुनवाई में इसकी अहम भूमिका होती है।निगरानी विभाग अब रिश्वतखोरी के आरोपों के साथ-साथ सरकारी आवास से मिली बड़ी नकदी और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रहा है। इस कार्रवाई से समस्तीपुर के प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

ashrita

It is one of the rapidly emerging news websites of the country. HPBL has proved its name (Har Pal Breaking Live) meaningful every time. HPBL, which has become a trusted brand of Bihar-Jharkhand, check every news of HPBL for its reliability before delivering it to you. The reporters and desk staff of hpblnews.com news website work on a 24X7 mission mode for you, the readers.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *