रांची: …. जब आधी रात SSP वेष बदलकर निकले सड़कों पर, पहचानते ही पुलिसकर्मियों के उड़ गये होश, लापरवाह पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज….
Ranchi: .... When the SSP came out on the streets in disguise at midnight, the policemen were shocked on recognizing him, the wrath of the careless policemen was meted out....

राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था की स्थिति और पुलिस की सक्रियता परखने के लिए एसएसपी राकेश रंजन ने देर रात शहर के विभिन्न इलाकों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीसीआर वाहनों और पेट्रोलिंग टीमों की जांच की। ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर एक पुलिस पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
________________________________________
रांची: राजधानी की पुलिस कितनी मुस्तैद है, इसका जायजा लेने खुद एसएसपी देर रात सड़कों पर उतरे। एसएसपी राकेश रंजन ने देर रात शहर की सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया।जब पूरा शहर सो रहा था, तब एसएसपी राकेश रंजन खुद आधी रात के बाद करीब एक बजे अचानक सड़कों पर निकल पड़े। उनका उद्देश्य राजधानी में तैनात पुलिस बल की सक्रियता और गश्त व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना था।
खास बात यह रही कि इस निरीक्षण की जानकारी पहले से किसी भी पुलिस अधिकारी या थाना कर्मियों को नहीं थी, जिससे वास्तविक स्थिति सामने आ सके।एसएसपी की गाड़ी शहर के विभिन्न पेट्रोलिंग प्वाइंट्स पर पहुंची, जहां उन्होंने गश्त कर रही पीसीआर वाहनों और हाईवे पेट्रोलिंग टीमों की कार्यप्रणाली की जांच की। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से बातचीत कर उनकी ड्यूटी और गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान एसएसपी ने शहर के कई प्रमुख और संवेदनशील इलाकों का दौरा किया। इनमें प्रमुख रूप से बिरसा चौक, मेन रोड रांची (एकरा मस्जिद समेत अन्य संवेदनशील स्थान), हरमू बायपास रोड और अरगोड़ा चौक शामिल रहे। इन स्थानों पर उन्होंने पेट्रोलिंग की स्थिति, पुलिस की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एक स्थान पर ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक पुलिस पदाधिकारी को मौके पर ही निलंबित (सस्पेंड) कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और अन्य पुलिसकर्मी भी सतर्क हो गए।
एसएसपी राकेश रंजन ने स्पष्ट संदेश दिया कि राजधानी में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शहर में अपराध पर नियंत्रण रखने के लिए पुलिस की लगातार निगरानी और सक्रियता बेहद जरूरी है।उन्होंने यह भी कहा कि आगे भी समय-समय पर इस तरह के औचक निरीक्षण किए जाते रहेंगे, ताकि पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ निभाएं।









