शिक्षक भर्ती बिग अपडेट: 1 लाख शिक्षकों की होगी भर्ती, जुलाई में आयेगा विज्ञापन, मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान, शिक्षकों के ट्रांसफर पर भी बड़े ऐलान…
Teacher Recruitment Big Update: 1 lakh teachers will be recruited, advertisement will come in July, big announcement by the Chief Minister, big announcement on teacher transfer also...

Teacher Recruitment: राज्य में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने अगले पांच वर्षों में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति करने की घोषणा की है। साथ ही महिला शिक्षकों के स्थानांतरण और स्कूल ड्रेस वितरण को लेकर भी अहम निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि अगले पांच वर्षों में राज्य में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। यह फैसला शुक्रवार को आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में शिक्षक नियुक्ति, स्थानांतरण नीति और छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
योजना के अनुसार हर वर्ष करीब 20 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक साल जुलाई महीने में भर्ती संबंधी विज्ञापन जारी किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस व्यवस्था से शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया नियमित और व्यवस्थित हो सकेगी। लंबे समय से राज्य में शिक्षक बहाली को लेकर अभ्यर्थियों के बीच जो अनिश्चितता बनी रहती थी, उसमें भी कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बैठक में स्पष्ट कहा कि राज्य के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, समयबद्ध और सुचारु तरीके से पूरा किया जाए, ताकि स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में महिला शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर भी अहम निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला शिक्षकों का ट्रांसफर यथासंभव उनके गृह जिले या गृह पंचायत के आसपास किया जाए। सरकार का मानना है कि इससे महिला शिक्षकों को काफी सुविधा मिलेगी और उन्हें कार्यस्थल तक आने-जाने में कम परेशानी होगी। खासकर दूरदराज क्षेत्रों में कार्यरत महिला शिक्षकों के लिए यह फैसला राहत देने वाला माना जा रहा है।
इसके साथ ही पुरुष शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर भी नई नीति तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार गृह जिले के निकटवर्ती प्रखंडों में पोस्टिंग देने की संभावना पर विचार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इससे ट्रांसफर प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यावहारिक बन सकेगी। शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी बैठक में चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सरकारी स्कूलों में छात्रों को मिलने वाली ड्रेस की आपूर्ति अब जीविका समूहों के माध्यम से कराई जाए।
सरकार का मानना है कि इससे विद्यार्थियों को समय पर स्कूल ड्रेस उपलब्ध होगी और साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों को रोजगार एवं आर्थिक मजबूती भी मिलेगी।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य के प्रत्येक बच्चे को अच्छी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ शिक्षकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।









