झारखंड में बदलने वाली है किसानों की किस्मत! रांची, जमशेदपुर और देवघर में खुलेंगे मिलेट कैफे, सरकार का बड़ा प्लान
किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी! झारखंड के 3 बड़े शहरों में खुलेंगे मिलेट कैफे, मिलेगा सीधा बाजार

Jharkhand News:
झारखंड के किसानों के लिए बड़ी राहत और नई संभावनाओं का रास्ता खुलने जा रहा है। राज्य सरकार अब रांची, जमशेदपुर और देवघर में आधुनिक मिलेट कैफे खोलने की तैयारी कर रही है। इस पहल का उद्देश्य किसानों को उनके उत्पादों का बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और लोगों के बीच पौष्टिक मोटे अनाज (मिलेट) के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कृषि योजनाओं की हुई समीक्षा
बुधवार को नेपाल हाउस में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर खरीफ फसलों, मिलेट मिशन और किसानों के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
65% से अधिक क्षेत्र में हो चुकी है मक्का की बुआई
बैठक के दौरान मंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक 65 प्रतिशत से अधिक कृषि क्षेत्र में मक्का की बुआई पूरी हो चुकी है। जिन जिलों में मक्का बीज की मांग अधिक है, वहां अतिरिक्त बीज उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए, ताकि किसानों को समय पर बीज मिल सके।
22,729 किसानों का हुआ पंजीकरण, खुलेंगे आधुनिक मिलेट कैफे
मिलेट मिशन की समीक्षा में बताया गया कि अब तक 22,729 किसानों का पंजीकरण किया जा चुका है। इसके साथ ही रांची, जमशेदपुर और देवघर में आधुनिक मिलेट कैफे स्थापित करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का मानना है कि इससे किसानों को अपने उत्पादों का बेहतर बाजार मिलेगा और मोटे अनाज की खपत भी बढ़ेगी।
हर पंचायत में लगेगा मिट्टी जांच शिविर
बैठक में प्रत्येक पंचायत में मिट्टी जांच शिविर आयोजित करने, कृषक पाठशाला को बिरसा कृषि विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) और आईसीएआर से जोड़ने तथा विभागीय योजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए।
‘अंतिम किसान तक पहुंचे योजनाओं का लाभ’
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के किसान तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए।









