झारखंड: मरीजों की बढ़ने वाली है मुश्किलें, एंबुलेंस सेवा होगी ठप, जानिये एंबुलेंस कर्मचारियों ने क्यों की है हल्ला बोल की तैयारी…
Jharkhand: Patients' problems are about to increase, ambulance service will be halted, find out why ambulance workers are preparing to protest...

झारखंड में एंबुलेंस सेवा ठप होने वाली है। 108 एम्बुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने प्रबंधन पर भ्रष्टाचार, शोषण और वेतन विसंगतियों का आरोप लगाते हुए 13 मार्च 2026 को रांची में प्रदर्शन का ऐलान किया है। कर्मचारी संघ का कहना है कि श्रम कानूनों और पूर्व समझौतों की अनदेखी की जा रही है, जिससे कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
________________________________________
Jharkhand News : झारखंड में मरीजों की मुश्किलें फिर बढ़ने वाली है। प्रदेश की एंबुलेंस सेवा फिर से ठप होने वाली है। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ मानी जाने वाली 108 एम्बुलेंस सेवा सवालों में है। एंबुलेंस कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आंदोलन का ऐलान किया है। झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ, जो भारतीय मजदूर संघ (BMS) से संबद्ध है, के नेतृत्व में कर्मचारी 13 मार्च 2026 को श्रम भवन, डोरंडा के समक्ष घेराव और प्रदर्शन करेंगे।
एंबुलेंस संघ के प्रदेश महामंत्री सूरज साहू ने बताया कि 108 एम्बुलेंस सेवा का संचालन कर रही संस्था सम्मान फाउंडेशन पर श्रम कानूनों की अनदेखी के गंभीर आरोप हैं। उन्होंने कहा कि 30 जुलाई 2025 को हुए समझौते समेत अन्य सहमतियों को अब तक लागू नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में भारी असंतोष है।
कर्मचारियों का कहना है कि प्रबंधन की कार्यशैली के कारण कई कर्मियों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। वेतन भुगतान में देरी और कटौतियों के चलते घर चलाना, बच्चों की स्कूल फीस भरना और लोन चुकाना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वेतन समय पर नहीं मिलने से मानसिक तनाव लगातार बढ़ रहा है।
संघ ने PF (भविष्य निधि) और ESI (कर्मचारी राज्य बीमा) से जुड़ी कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया है। कर्मचारियों के अनुसार, फरवरी 2025 से अक्टूबर 2025 तक PF और ESI की कटौती नहीं की गई।
वहीं, नवंबर माह में कटौती की गई राशि को संबंधित भविष्य निधि खातों में जमा नहीं कराया गया। दिसंबर माह में वेतन से PF और ESI की राशि काटी गई, लेकिन पूरी रकम खातों में जमा नहीं होने का आरोप है।
वेतन भुगतान में देरी और मनमानी कटौती को लेकर कर्मचारियों में खासा आक्रोश है। उनका कहना है कि फरवरी माह से लगातार वेतन समय पर नहीं मिल रहा है, जिससे आर्थिक और
ग्रेच्युटी भुगतान का मुद्दा भी कर्मचारियों ने उठाया है। कर्मचारियों का आरोप है कि वर्ष 2017 से 2023 तक सेवा देने वाले कई कर्मियों को अब तक Ziqitza Health Care Limited द्वारा ग्रेच्युटी का भुगतान नहीं किया गया है।संघ ने यह भी आरोप लगाया कि 100 किलोमीटर से अधिक इंटर फैसिलिटी ट्रांसफर (IFT) करने वाले कर्मचारियों को भोजन भत्ता और ओवरटाइम का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय तक ड्यूटी और अतिरिक्त कार्य के बावजूद उन्हें निर्धारित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
सूरज साहू ने बताया कि संघ द्वारा कई बार श्रमायुक्त और संबंधित विभागों को पत्र लिखकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 12 मार्च 2026 तक मांगों पर न्यायोचित समाधान नहीं हुआ और संबंधित संस्था तथा जिला प्रबंधक पर कार्रवाई नहीं की गई, तो 13 मार्च को राज्यभर के कर्मचारी श्रम भवन के समक्ष व्यापक प्रदर्शन करेंगे।









