झारखंड : मालगाड़ी की स्कार्पियों से जोरदार टक्कर, बेकाबू हुई रेलगाड़ी से मचा हड़कंप, जानिये कैसी हुई ये घटना
Jharkhand: Goods train collides with Scorpio, train goes out of control causing panic, know how this incident happened

बोकारो। एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मालगाड़ी की एक स्कार्पियों से टक्कर हो गयी। बोकारो में दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (DVC) के बोकारो थर्मल पावर प्लांट में ये हादसा हुआ। एक बेकाबू मालगाड़ी ने प्लांट का गेट तोड़ते हुए बाहर निकलकर एक स्कॉर्पियो वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, क्योंकि वाहन चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
गेट तोड़कर बाहर निकली मालगाड़ी
बताया जा रहा है कोयला खाली कर चुकी एक मालगाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और प्लांट परिसर के गेट को तोड़ते हुए बाहर निकल गई। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मालगाड़ी तेज रफ्तार में थी और उसे रोकने का कोई तत्काल उपाय नहीं दिख रहा था। इस दौरान ट्रैक के पास खड़ी एक स्कॉर्पियो उसकी चपेट में आ गई।
स्कॉर्पियो को 500 मीटर तक घसीटा
मालगाड़ी ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मारते हुए करीब 400 से 500 मीटर तक घसीट दिया। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।स्कॉर्पियो मालिक अमरदीप, जो खुद गाड़ी चला रहे थे, ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। अगर वह कुछ सेकंड भी देर करते, तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।
सुबह 4 बजे प्लांट में दाखिल हुआ था रैक
बताया जा रहा है कि कोयला लदा रैक सुबह करीब 4 बजे प्लांट में दाखिल हुआ था और 7 बजे तक कोयला खाली कर लिया गया था। इसके बाद किसी तकनीकी या मानवीय त्रुटि के कारण रैक अनियंत्रित हो गया और यह घटना घटित हुई।
बड़ा हादसा टलने से राहत
यह घटना और भी भयावह हो सकती थी। जिस समय मालगाड़ी बेकाबू होकर बाहर निकली, उस समय मुख्य रेलवे लाइन का गेट बंद था, क्योंकि गोमो-चोपन पैसेंजर ट्रेन के आने का समय था।यदि गेट खुला होता, तो मालगाड़ी सीधे मेन लाइन पर पहुंच सकती थी, जिससे एक बड़ा रेल हादसा हो सकता था। इस संयोग ने एक संभावित बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।
इस घटना के बाद रेलवे और रैक प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला लापरवाही का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि एक खाली रैक का इस तरह अनियंत्रित होना गंभीर सुरक्षा चूक की ओर इशारा करता है।









