अमेरिकी राजनीती में शाह की एंट्री, गवर्नर पद की रेस में पिछड़े, अब लड़ेंगे अमेरिकी सीनेट का चुनाव

Shah enters US politics; after falling behind in the race for the governorship, he will now run for the US Senate.

अमेरिका में मेन (Maine) राज्य के गवर्नर पद की डेमोक्रेटिक प्राइमरी रेस में दूसरे स्थान पर रहे भारतीय मूल के मशहूर महामारी विशेषज्ञ (Epidemiologist) डॉ. नीरव डी. शाह ने अब अमेरिकी सीनेट चुनाव लड़ने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। यह बड़ा फैसला उस समय सामने आया है जब मेन से सीनेट के मुख्य डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ग्राहम प्लैटनर ने गंभीर यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली।

​हालाँकि, ग्राहम प्लैटनर ने खुद पर लगे इन आरोपों को पूरी तरह “झूठा” करार दिया है, लेकिन बढ़ते राजनीतिक दबाव के कारण उन्हें बुधवार को मैदान से हटना पड़ा। उनके हटने के तुरंत बाद डॉ. नीरव शाह ने अमेरिकी सीनेट की दावेदारी ठोक दी।

​’मेडिकेयर फॉर ऑल’ के लिए करेंगे संघर्ष

​सीनेट चुनाव के लिए अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए डॉ. नीरव शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर लिखा:

“यदि मैं आपका अगला अमेरिकी सीनेटर चुना जाता हूं, तो मैं ‘मेडिकेयर फॉर ऑल’ (सभी के लिए मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं) के लिए संघर्ष करूंगा। दुनिया के सबसे समृद्ध देश में किसी भी व्यक्ति को केवल अपने इलाज के खर्च के कारण दिवालिया नहीं होना चाहिए।”

​उन्होंने आगे कहा कि पारंपरिक और स्थापित राजनेताओं ने जनता को निराश किया है। वर्तमान रिपब्लिकन सीनेटर सुसान कोलिन्स को हराने के लिए एक ऐसे बाहरी व्यक्ति (Outsider) की जरूरत है जो दशकों पुराने टूटे हुए सिस्टम को चुनौती देने से न डरे।

​कौन हैं डॉ. नीरव डी. शाह

​विस्कॉन्सिन में भारतीय प्रवासी माता-पिता के घर जन्मे डॉ. नीरव शाह अमेरिका के चिकित्सा और प्रशासनिक हलकों में एक जाना-माना नाम हैं।

  • कोविड-19 में अहम भूमिका: कोरोना महामारी के दौरान डॉ. शाह ‘मेन राज्य के रोग नियंत्रण केंद्र’ (Maine CDC) के निदेशक थे, जहाँ उनके संकट प्रबंधन की काफी तारीफ हुई थी।
  • बाइडेन प्रशासन में बड़ा पद: वह अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल के दौरान देश की सबसे बड़ी स्वास्थ्य संस्था ‘अमेरिकी रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र’ (US CDC) में प्रधान उपनिदेशक (Principal Deputy Director) रह चुके हैं, जो संस्था का दूसरा सबसे वरिष्ठ पद है। इसके अलावा उन्होंने इलिनॉय स्वास्थ्य विभाग के निदेशक के रूप में भी सेवाएं दी हैं।

​बेजोड़ शैक्षणिक रिकॉर्ड और बहुभाषी प्रोफाइल

​डॉ. शाह का शैक्षणिक बैकग्राउंड बेहद मजबूत है। उन्होंने शिकागो विश्वविद्यालय से चिकित्सा (MD) और कानून (JD) दोनों की डिग्रियां हासिल की हैं। इसके बाद उन्होंने मशहूर ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र (Economics) की पढ़ाई भी की।
​वर्तमान में वह मेन के वाटरविल स्थित कोल्बी कॉलेज में विजिटिंग प्रोफेसर हैं। अंग्रेजी के अलावा वह अपनी मातृभाषा गुजराती, खमेर और स्पेनिश भाषाओं पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं। उनकी पत्नी कारा पैलामाउंटेन भी नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी में रिसर्च प्रोफेसर हैं।

​आगे की राह

​मेन राज्य के चुनावी नियमों के अनुसार, ग्राहम प्लैटनर के हटने के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी के पास नया आधिकारिक उम्मीदवार घोषित करने के लिए 27 जुलाई तक का समय है। प्राइमरी चुनाव में मजबूत पकड़ दिखाने वाले डॉ. नीरव शाह की दावेदारी के बाद अब इस सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।

Chauhan

It is one of the rapidly emerging news websites of the country. HPBL has proved its name (Har Pal Breaking Live) meaningful every time. HPBL, which has become a trusted brand of Bihar-Jharkhand, check every news of HPBL for its reliability before delivering it to you. The reporters and desk staff of hpblnews.com news website work on a 24X7 mission mode for you, the readers.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *