भारत बना अंडर-18 हॉकी एशिया कप चैंपियन: फाइनल में जापान को 4-1 से रौंदा, पीएम मोदी ने दी बधाई
India became the Under-18 Hockey Asia Cup champions: thrashed Japan 4-1 in the final, PM Modi congratulated

नई दिल्ली: भारतीय मेंस अंडर-18 हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए अंडर-18 हॉकी एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। शुक्रवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने जापान को 4-1 से शिकस्त देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। भारत ने इस टूर्नामेंट में शुरू से अंत तक अपना दबदबा बनाए रखा। इससे पहले सेमीफाइनल में भारत ने अपने चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को 5-3 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया था।
आशीष पूर्ति का ‘फाइनल’ पंच
सेमीफाइनल मुकाबले के आखिरी क्वार्टर में मैच का पासा पलटने वाले स्टार खिलाड़ी आशीष पूर्ति फाइनल में भी जीत के सबसे बड़े हीरो रहे। आशीष ने फाइनल मुकाबले में शानदार हैट्रिक लगाते हुए 3 गोल दागे और जापान की टीम को मैच से पूरी तरह बाहर कर दिया।
एकतरफा रहा खिताबी मुकाबला
मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम जापान पर हावी दिखी। खेल के दूसरे मिनट में ही भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली थी। टीम इंडिया ने अपनी आक्रामक रणनीति जारी रखी और तीसरे क्वार्टर के खत्म होने तक स्कोर को 4-0 कर दिया।
जापान को वापसी के लिए चौथे क्वार्टर में किसी चमत्कार की जरूरत थी। जापानी टीम ने आखिरी क्वार्टर में अपना इकलौता गोल जरूर किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और भारत ने 4-1 से खिताबी जीत दर्ज की।
तीसरी बार जीता खिताब
अंडर-18 लेवल पर भारत का यह तीसरा एशिया कप खिताब है। इससे पहले भारतीय टीम साल 2001 और 2016 में भी इस टूर्नामेंट की चैंपियन बन चुकी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने थपथपाई युवाओं की पीठ
भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक और यादगार जीत पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए टीम को बधाई दी।
पीएम मोदी ने अपने संदेश में लिखा:
“हमारे युवा हॉकी खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि। अंडर-18 एशिया कप का खिताब जीतने के लिए पूरी टीम को बधाई। पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम ने बेहतरीन स्किल्स और शानदार टीम वर्क दिखाया, जिसके परिणामस्वरूप फाइनल में भारत को यादगार जीत मिली। यह उपलब्धि दिखाती है कि हॉकी का खेल युवाओं के बीच लोकप्रियता बटोर रहा है। मैं भारतीय टीम को अगली चुनौतियों के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”








