बिग ब्रेकिंग: शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन, अपोलो अस्पताल में ली अंतिम सांस, प्रदेश में शोक की लहर

Ramdas Soren Death: झारखंड के शिक्षा मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता रामदास सोरेन का निधन हो गया। इलाज के दौरान दिल्ली के अपोलो अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। झामुमो के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर यह जानकारी दी। इधर रामदास सोरेन के निधन की खबर सुनते ही उनके विधानसभा क्षेत्र घाटशिला के साथ-साथ पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गयी है।
सबसे पहले रामदास सोरेन (62) के बड़े पुत्र सोमेश सोरेन ने रात को करीब 10:46 बजे सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ के रामदास सोरेन के हैंडल से अपने पिता के निधन की सूचना दी। सोमेश सोरेन ने लिखा, ‘अत्यंत ही दुख के साथ यह बता रहा हूं कि मेरे पिताजी रामदास सोरेन जी अब हमारे बीच नहीं रहे।
कुणाल षाड़ंगी ने भी रामदास के निधन की पुष्टि की है।एक ही महीने में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के 2-2 बड़े नेताओं के निधन ने पार्टी को झकझोर दिया है।इस महीने की शुरुआत में रामदास सोरेन अपने आवास के बाथरूम में गिर गए थे। इसके बाद ब्रेन हैमरेज हो गया था। इलाज के लिए उन्हें दिल्ली लाया गया। उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। घाटशिला से विधायक चुने गए रामदास सोरेन को 30 अगस्त 2024 में झारखंड सरकार में मंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी।
घाटशिला से दो बार विधायक बने। सीएम हेमंत सोरेन ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि ‘ऐसे छोड़ कर नहीं जाना था रामदास दा…अंतिम जोहार दादा।
पूर्व सीएम रघुवर दास ने कहा, “झारखंड के स्कूली शिक्षा व निबंधन मंत्री रामदास सोरेन जी के निधन का दुखद समाचार मिला। बाबा बैद्यनाथ उनकी आत्मा को शांति और उनके परिजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति.।









