झारखंड: कैंसर मरीजों के लिए अच्छी खबर, सदर अस्पतालों में बनेगा कैंसर डे केयर यूनिट, इन जिलों में अस्पतालों में…

Jharkhand: Good news for cancer patients, cancer day care units to be set up in Sadar hospitals, hospitals in these districts...

झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए बड़ा प्लान तैयार किया है। सदर अस्पतालों में कैंसर डे-केयर यूनिट, नए अस्पताल निर्माण और प्रशिक्षण केंद्र की पहल की गई है।
________________________________________
रांची। स्वास्थ्य क्षेत्र में झारखंड सरकार ने बड़ी पहल की है। झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। रांची में स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव (ACS) अजय कुमार सिंह ने की। इस बैठक में मुख्यमंत्री अस्पताल कायाकल्प योजना के तहत राज्य के अस्पतालों को आधुनिक और बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी जिला (सदर) अस्पतालों को इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड (IPHS)-2022 के मानकों के अनुरूप विकसित करना है। इसके तहत स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और आधुनिक तकनीक को शामिल करने पर जोर दिया गया।

बैठक में कैंसर रोगियों की सुविधा को लेकर एक अहम निर्णय लिया गया। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने निर्देश दिया कि राज्य के सभी सदर अस्पतालों में कैंसर डे-केयर यूनिट स्थापित की जाए। इन केंद्रों पर मरीजों को जांच से लेकर उपचार तक की सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी, जिससे उन्हें बड़े शहरों की ओर भागना नहीं पड़ेगा।

इसके साथ ही सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक अस्पताल में रेडिएशन सुरक्षा के लिए विशेष बंकर निर्माण का भी निर्देश दिया गया है। मरीजों की सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए टाटा कैंसर हॉस्पिटल और मेडिको सिटी तक पहुंच को आसान बनाने हेतु रिंग रोड से जोड़ने वाले मार्ग के निर्माण पर भी जोर दिया गया।

राजधानी रांची के सदर अस्पताल के विस्तार की भी बड़ी योजना सामने आई है। यहां 190 करोड़ रुपये की लागत से 200 बेड वाले अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर ली गई है।इसके अलावा, धनबाद, साहिबगंज, गिरिडीह, दुमका, पाकुड़ और गढ़वा के सदर अस्पतालों के जीर्णोद्धार को भी स्वीकृति दी जा चुकी है, जिससे इन जिलों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।

स्वास्थ्यकर्मियों के कौशल विकास के लिए भी महत्वपूर्ण पहल की गई है। नामकोम स्थित आरसीएच परिसर में एक केंद्रीकृत स्किल और सिमुलेशन प्रशिक्षण केंद्र (Centralized Skill and Simulation Training Centre) स्थापित किया जाएगा, जहां स्वास्थ्यकर्मियों को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, गोड्डा और रामगढ़ जिलों के लिए तैयार DPR में आवश्यक संशोधन के भी निर्देश दिए हैं, ताकि स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार अधिक प्रभावी तरीके से किया जा सके।

Related Articles