‘अगर नहीं मानेंगे तो फिर हम…’ 15 अगस्त से CJP का नया अभियान, सरकार के सामने रखेगी ये बड़ी मांग

नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर आंदोलन के बाद अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक नए अभियान की तैयारी में है। पार्टी 15 अगस्त से देशभर में ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान शुरू करने जा रही है। पार्टी का कहना है कि इस अभियान के जरिए सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग उठाई जाएगी।
CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर गंभीरता से काम नहीं हुआ है। पार्टी अब इस मुद्दे को देशभर में उठाने की तैयारी कर रही है।
‘सरकारी स्कूलों पर ध्यान देना होगा’
आशुतोष रांका ने कहा कि आजादी के बाद से सरकारी स्कूलों को लगातार नजरअंदाज किया गया है। उनका दावा है कि गांवों के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलने के बजाय मजदूरी करने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अब सरकारों को सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने पर ध्यान देना होगा।
सरपंचों से स्कूल सुधारने की मांग
CJP प्रवक्ता के मुताबिक, ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान के दौरान पार्टी सरकार से गांवों के सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने की मांग करेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार को गांव के सरपंचों से अपने-अपने गांव के स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए कहना चाहिए। पार्टी का कहना है कि स्थानीय स्तर पर स्कूलों की स्थिति सुधारने की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
‘नहीं मानेंगे तो करेंगे विरोध प्रदर्शन’
आशुतोष रांका ने अभियान को लेकर चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती। उनके मुताबिक, अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो पार्टी संबंधित जगहों पर विरोध प्रदर्शन करेगी।
अब 15 अगस्त से शुरू होने वाले इस अभियान के जरिए CJP सरकारी स्कूलों के मुद्दे को किस तरह देशभर में उठाती है और सरकार की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर नजर रहेगी।









