झारखंड में गजब मामला : ‘हेलो, मैं IPS बोल रहा हूं…’ पुलिस भी लग गई ड्यूटी पर, दारोगा की कॉल आई तो उतर गया सारा भौकाल

Bizarre incident in Jharkhand: "Hello, this is an IPS officer speaking..." The police sprang into action, but the caller turned out to be a mere Sub-Inspector—and all the bluster instantly vanished.

पलामू। वर्दी का रौब ऐसा कि फोन पर खुद को प्रशिक्षु IPS अधिकारी बताया और पुलिस से ही छापेमारी के लिए बल मांग लिया। मामला यहीं नहीं रुका, पुलिस की गश्ती टीम भी उसके साथ चल पड़ी और NH-139 पर वाहनों की जांच तक करा डाली। लेकिन फर्जी अफसरी का यह खेल ज्यादा देर नहीं चला। इसी दौरान एक दारोगा से मोबाइल पर बातचीत होते ही कथित IPS को लगा कि अब पोल खुलने वाली है। उसने आनन-फानन में युवकों को सड़क किनारे उतारा और स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया।

मामले में औरंगाबाद पुलिस ने कथित फर्जी IPS के चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेदिनीनगर निवासी पिंटू कुमार और चैनपुर थाना क्षेत्र के कुंदन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली है। हालांकि, इस पूरे मामले के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी बताई जा रही है।

फोन आया और पुलिस टीम भी साथ हो ली

पुलिस के अनुसार, कथित मुख्य आरोपी ने थाने के सरकारी मोबाइल नंबर पर फोन किया और खुद को प्रशिक्षु IPS अधिकारी बताया। उसने छापेमारी के लिए पुलिस बल की मांग की। उसकी बातों और कथित पद के प्रभाव में आकर पुलिस की गश्ती टीम उसके साथ निकल पड़ी।इसके बाद जसोइया मोड़ से पटना जाने वाली सड़क पर सीमेंट फैक्ट्री तक NH-139 पर वाहनों की जांच कराई गई। इस दौरान सब्जी कारोबारी समेत कई लोगों से पूछताछ भी की गई।यानी फोन पर पहचान ऐसी बताई गई कि पुलिस को यह जांचने की जरूरत ही नहीं पड़ी कि साहब वास्तव में कौन हैं।

रेलवे स्टेशन पहुंचा तो दो युवकों को स्कॉर्पियो में बैठाया।इसके बाद पुलिस टीम अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन की ओर गई। वहां शहर की तरफ आ रहे एक टेंपो को रोककर तीन यात्रियों से पूछताछ की गई।इनमें पलामू के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के आलोक कुमार और सुनील कुमार रवि भी शामिल थे। आरोप है कि कथित फर्जी IPS ने दोनों युवकों को अपनी स्कॉर्पियो में बैठा लिया और मदनपुर की ओर ले गया। तीसरे युवक अजय कुमार को छोड़ दिया गया।अजय ने दोनों युवकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामला धीरे-धीरे पलटने लगा।

दारोगा की कॉल पड़ते ही ‘IPS साहब’ को सताने लगा डर

दोनों युवकों के एक रिश्तेदार झारखंड पुलिस में दारोगा हैं। उन्होंने कथित IPS से मोबाइल पर बातचीत की। यहीं से कहानी में ट्विस्ट आ गया।दारोगा से बातचीत होते ही आरोपी को अपनी असल पहचान सामने आने का अंदेशा हुआ। इसके बाद उसने दोनों युवकों को कामा बिगहा जीटी रोड के पास उतार दिया और स्कॉर्पियो लेकर वहां से फरार हो गया।

युवकों ने आरोप लगाया कि उन्हें मोबाइल से बात करने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने डराने-धमकाने और मारपीट का भी आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नगर थाना के एक दारोगा को भी मोबाइल पर किसी से बातचीत करने से रोकने की कोशिश की।

पुलिस ने जिलेभर में कराई नाकाबंदी

मामले की गंभीरता सामने आने के बाद एसपी ने जिले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी स्कॉर्पियो से पलामू की ओर भाग रहा है।एरका चेकपोस्ट के पास पुलिस की चेकिंग देखकर आरोपी ने स्कॉर्पियो छोड़ दी और फरार हो गया। हालांकि, पुलिस के हाथ वाहन के चालक पिंटू कुमार लग गया। इसके बाद जांच आगे बढ़ी तो कुंदन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।स्कॉर्पियो बरामद होने के बाद अब पुलिस वाहन के मालिक और मुख्य आरोपी तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।

स्कॉर्पियो पटना की, मालिक का मोबाइल बंद

पुलिस ने जब स्कॉर्पियो के पंजीकरण की जांच की तो उसके मालिक का नाम पटना के रामकृष्णानगर, जकरियापुर निवासी संजय कुमार मिश्रा बताया गया।पुलिस ने रजिस्ट्रेशन में दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल बंद मिला।इधर, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए औरंगाबाद पुलिस झारखंड में उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

एक फोन ने बनाया ‘साहब’ और दूसरी कॉल ने खोल दिया राज

पूरे मामले में सबसे दिलचस्प बात यही है कि कथित आरोपी ने सिर्फ एक फोन कॉल के जरिए खुद को प्रशिक्षु IPS बताया और पुलिस टीम उसके साथ चल पड़ी। NH-139 पर वाहनों की जांच भी करा ली गई। लेकिन जब एक दारोगा ने उसी ‘IPS’ से बात की तो मामला उल्टा पड़ गया।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी IPS बनकर पुलिस को अपने प्रभाव में लेने की पूरी योजना किसकी थी और इसका असली मकसद क्या था।

Chauhan

It is one of the rapidly emerging news websites of the country. HPBL has proved its name (Har Pal Breaking Live) meaningful every time. HPBL, which has become a trusted brand of Bihar-Jharkhand, check every news of HPBL for its reliability before delivering it to you. The reporters and desk staff of hpblnews.com news website work on a 24X7 mission mode for you, the readers.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close