झारखंड- सांप काटने से भाई-बहन की मौत: सोते वक्त भाई-बहन को सांप ने डंसा, अस्पताल पहुंचने से पहले दोनों की हो गयी मौत
Jharkhand – Siblings die of snakebite: Brother and sister bitten by a snake while sleeping; both died before reaching the hospital.

Jharkhand Snake News। सांप काटने से भाई-बहन की मौत हो गयी। हादसा उस वक्त हुआ, जब दोनों भाई बहन सोये हुए थे, उसी दौरान जहरीले सांप ने दोनों को डंस लिया। आनन फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो गयी। घटना झारखंड के सरायकेला जिले की है। जहां मंगलवार सुबह एक बेहद दुखद घटना सामने आई है।
खरसावां प्रखंड के संतारी गांव में घर के अंदर सो रहे दो सगे भाई-बहन की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।मृतकों की पहचान संतारी गांव निवासी सचिन जोंको के 11 वर्षीय बेटे शिवा जोंको और 13 वर्षीय बेटी सीमा जोंको के रूप में हुई है।
सुबह नींद खुली तो सामने था जहरीला सांप
इस घटना को लेकर परिजनों के मुताबिक, दोनों बच्चे सोमवार रात घर के एक कमरे में सोए हुए थे। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे जहरीले सांप ने दोनों को डस लिया। सर्पदंश के बाद दर्द होने पर बच्चों की नींद खुली और उन्होंने अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार और ग्रामीणों ने बच्चों को बचाने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए। बताया गया कि आसपास के लोगों को घटना की जानकारी सुबह करीब 11 बजे हुई, जिसके बाद दोनों बच्चों को इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया।हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दोनों बच्चों की मौत हो गई। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
समय पर अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी
बरसात के मौसम में झारखंड के ग्रामीण इलाकों में सर्पदंश का खतरा बढ़ जाता है। चिकित्सकों के अनुसार जहरीले सांप के काटने के बाद जितनी जल्दी संभव हो, मरीज को अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी है। समय पर उपचार मिलने पर एंटी-वेनम सहित जरूरी चिकित्सा उपायों से मरीज की जान बचाने की संभावना बढ़ जाती है।वहीं इलाज में देरी होने पर जहर तेजी से शरीर में फैल सकता है और स्थिति गंभीर हो सकती है।
बारिश में घरों में घुस जाते हैं सांप
विशेषज्ञों के अनुसार लगातार बारिश के कारण सांपों के प्राकृतिक ठिकानों और बिलों में पानी भर जाता है। ऐसे में सांप सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों, लकड़ी के ढेर, सामान रखने की जगहों या अन्य स्थानों पर छिप सकते हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में इस मौसम में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। रात में जमीन पर सोने से बचने, चारपाई का इस्तेमाल करने, कमरे में पर्याप्त रोशनी रखने और सोने से पहले बिस्तर की जांच करने की सलाह दी जाती है।किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय उसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल ले जाना चाहिए।
परिवार में पसरा मातम
सर्पदंश की इस घटना ने पूरे संतारी गांव को झकझोर दिया है। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। घटना ने एक बार फिर बरसात के मौसम में सर्पदंश से बचाव और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की जरूरत को सामने ला दिया है।









