JTET आवेदन की तारीख बढ़ी: JAC ने शिक्षक अभ्यर्थियों को दी राहत, जानिये अब कब तक भरे जायेंगे आवेदन, ये है सबसे आसान तरीका
JTET application date extended: JAC gives relief to teacher candidates, find out when applications will be accepted, this is the easiest way

रांची। झारखंड में शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 2 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि जल्द समाप्त होने वाली थी, लेकिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की मांग और तकनीकी कारणों को देखते हुए तिथि विस्तार का फैसला लिया गया है।
तारीख बढ़ने के इस फैसले से उन उम्मीदवारों को काफी राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश अब तक आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके थे। अभ्यर्थी अब निर्धारित तिथि तक आधिकारिक वेबसाइट jactetonline.com पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।जैक बोर्ड की ओर से यह भी जानकारी दी गई है कि आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद करेक्शन विंडो भी खोली जाएगी।
ऐसे में यदि किसी उम्मीदवार से आवेदन फॉर्म भरने के दौरान कोई गलती हो गई है, तो वे ऑनलाइन माध्यम से उसमें सुधार कर सकेंगे। इससे अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन करने की परेशानी से राहत मिलेगी।
कौन कर सकता है आवेदन
JTET 2026 में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को स्तर के अनुसार निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी करनी होगी। अभ्यर्थी के पास 12वीं के साथ D.El.Ed, BTC, B.El.Ed, शिक्षा शास्त्र (विशेष शिक्षा) में डिप्लोमा, स्नातक के साथ प्रारंभिक शिक्षा शास्त्र में डिप्लोमा, B.Ed, B.Ed (विशेष शिक्षा), B.A.Ed, B.Sc.Ed या अन्य मान्य शिक्षक प्रशिक्षण डिग्री होना आवश्यक है।
आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 1 अगस्त 2026 को 21 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। इस बार सरकार की ओर से ऊपरी आयु सीमा में अतिरिक्त 9 वर्ष की छूट भी दी गई है, जिससे अधिक संख्या में अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर मिलेगा।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
JTET 2026 का आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से किया जा रहा है। आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां होम पेज पर दिए गए “Sign Up” विकल्प पर क्लिक कर पंजीकरण करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद लॉग इन कर आवश्यक जानकारी भरनी होगी। इसके बाद दस्तावेज अपलोड कर श्रेणी और पेपर के अनुसार निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। अंत में आवेदन पत्र सबमिट कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना जरूरी है।
आवेदन शुल्क
यदि कोई उम्मीदवार केवल प्राथमिक या उच्च प्राथमिक स्तर की एक परीक्षा के लिए आवेदन करता है, तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 1300 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 700 रुपये शुल्क देना होगा। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 500 रुपये तय किया गया है।
दोनों स्तर की परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1500 रुपये शुल्क जमा करना होगा। एससी एवं एसटी वर्ग के लिए यह शुल्क 800 रुपये और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह के लिए 600 रुपये निर्धारित किया गया है।









