KBC के मंच पर गूंजी सिमडेगा की छोरी की आवाज, रेशमा लकड़ा ने कहा- सब पर भारी पड़ूंगी, अमिताभ बच्चन भी हुए प्रभावित
कौन बनेगा करोड़पति के 31वें एपिसोड में नजर आईं झारखंड की रेशमा लकड़ा, हॉकी की नर्सरी से लेकर सलीमा टेटे तक की सुनाई कहानी

सिमडेगा। झारखंड के सिमडेगा जिले की बेटी रेशमा लकड़ा ने लोकप्रिय टीवी क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति के मंच पर पहुंचकर जिले का नाम देशभर में रोशन किया। KBC के 31वें एपिसोड में नजर आईं रेशमा ने अपने आत्मविश्वास और बेबाक अंदाज से न सिर्फ दर्शकों का ध्यान खींचा, बल्कि अमिताभ बच्चन के सामने सिमडेगा की पहचान, हॉकी परंपरा और आदिवासी संस्कृति की भी शानदार तस्वीर पेश की।
सिमडेगा जिले के बड़की छापर की रहने वाली रेशमा लकड़ा वर्तमान में शहर के ठाकुरटोली में रहती हैं। शो में उनका मुकाबला नोएडा के प्रशांत कुमार से हुआ। प्रशांत कुमार ने बाजी मारते हुए हॉट सीट पर जगह बनाई, लेकिन रेशमा अपने अंदाज और आत्मविश्वास के कारण पूरे एपिसोड में दर्शकों के बीच खास चर्चा में रहीं।
KBC के मंच पर जब रेशमा ने अपना परिचय दिया तो उनके अंदाज ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा, “सिमडेगा की मैं छोरी हूं, सब पर भारी पड़ूंगी।” उनके इस बेबाक अंदाज ने शो के माहौल में अलग ही रंग भर दिया और दर्शकों को भी खूब प्रभावित किया।
शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने जब रेशमा से पूछा कि सिमडेगा कहां है, तो उन्होंने बेहद आत्मविश्वास के साथ अपने जिले के बारे में बताया। रेशमा ने कहा कि सिमडेगा झारखंड का छोटा और आदिवासी बहुल जिला है। उन्होंने अपने गांव बड़की छापर का जिक्र करते हुए बताया कि यह गांव हॉकी की नर्सरी के रूप में जाना जाता है।
रेशमा ने बातचीत के दौरान भारतीय हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे का भी खास तौर पर जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सलीमा टेटे भी बड़की छापर गांव की रहने वाली हैं और वह खुद भी इसी गांव से ताल्लुक रखती हैं। सलीमा टेटे का नाम सामने आते ही दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान रेशमा ने अपने गांव की खेल प्रतिभा और हॉकी से जुड़ी पहचान को देश के सामने रखने का मौका भी हासिल किया।
रेशमा लकड़ा वर्तमान में सामाजिक वानिकी विभाग में प्रधान वनरक्षी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने संत जोंस स्कूल, फरसाबेड़ा से अपनी प्रारंभिक शिक्षा हासिल की और इसके बाद सिमडेगा कॉलेज से अंग्रेजी ऑनर्स की पढ़ाई पूरी की।
KBC के मंच तक पहुंचने का रेशमा का सफर भी काफी दिलचस्प रहा। उनके मुताबिक, चयन प्रक्रिया के तहत 20 मई को लखनऊ में उनका ऑडिशन हुआ था। इस दौरान उनसे 20 सवाल पूछे गए। इसके बाद रक्षाबंधन के दिन उन्हें KBC में चयनित होने की जानकारी मिली।
चयन की खबर मिलने के बाद रेशमा अपने पति गौरव बेक के साथ 9 सितंबर को मुंबई पहुंचीं। इसके बाद 10 और 12 सितंबर को उन्होंने KBC के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। देश के सबसे चर्चित क्विज शो के मंच पर पहुंचना उनके लिए खास अनुभव रहा।
हालांकि रेशमा हॉट सीट तक नहीं पहुंच सकीं, लेकिन उन्होंने जिस आत्मविश्वास के साथ सिमडेगा की पहचान को KBC के मंच पर रखा, उससे जिले के लोगों में खुशी का माहौल है। रेशमा के जरिए सिमडेगा की हॉकी परंपरा, आदिवासी संस्कृति और यहां की प्रतिभाओं को देश के बड़े मंच पर अपनी पहचान दिखाने का मौका मिला। उनके बेबाक अंदाज और “सिमडेगा की मैं छोरी हूं, सब पर भारी पड़ूंगी” वाले संवाद की भी खूब चर्चा हो रही है।









