ओपी प्रभारी पर गाज : वांटेड नक्सली को गिरफ्तार कर छोड़ दिया, जांच के बाद एसपी ने किया लाइन हाजिर, जानें क्या है पूरा मामला
Action taken against Outpost (OP) in-charge: Wanted Naxalite arrested and then released; SP transfers him to Police Lines following an inquiry—here are the full details.

पुलिस की कार्रवाई एक बार फिर सवालों के घेरे में है। आरोप है कि वांटेड नक्सली को पहले गिरफ्तार किया गया, फिर उसे छोड़ दिया। शिकायत के बाद अब एसपी ने कार्रवाई की है। मामला झारखंड के पलामू जिले का है, जहां पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गये हैं। हुसैनाबाद के दंगवार ओपी क्षेत्र में बिहार के एक वांटेड व्यक्ति को गिरफ्तार करने के बाद कथित तौर पर छोड़ दिया गया।
जांच में मामले की पुष्टि होने के बाद दंगवार ओपी प्रभारी सब इंस्पेक्टर वीरेंद्र मेहता के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्हें लाइन हाजिर किया गया है। मामला 22 सितंबर का बताया जा रहा है। पलामू पुलिस की ओर से वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान दंगवार ओपी प्रभारी ने बिहार के मोतिहारी जिले में नक्सल मामले में वांटेड राजेंद्र पासवान को पकड़ा था। बताया जा रहा है कि उसे रात करीब 12 बजे पकड़ा गया, लेकिन तड़के करीब 3 से 3:30 बजे के बीच छोड़ दिया गया।
जांच में हुई वारंटी को छोड़ने की पुष्टि
मामले की जानकारी सामने आने के बाद पलामू एसपी कपिल चौधरी ने हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांशु शुक्ला के नेतृत्व में जांच टीम गठित की।जांच के दौरान दंगवार ओपी प्रभारी द्वारा वारंटी राजेंद्र पासवान को पकड़ने और बाद में छोड़ने की बात की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है।
पलामू एसपी ने भी वारंटी को पकड़े जाने के बाद छोड़े जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच कराई गई है और जांच के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ओपी प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है।
मोतिहारी में दर्ज है नक्सल मामले से जुड़ा केस
पुलिस के अनुसार राजेंद्र पासवान की उम्र करीब 65 वर्ष है और उसके खिलाफ बिहार के मोतिहारी जिले में नक्सल गतिविधियों से संबंधित मामला दर्ज है। वह मामले में वांटेड बताया गया है।दंगवार क्षेत्र बिहार की सीमा के काफी करीब है। ऐसे में बिहार के विभिन्न मामलों में वांटेड आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर दोनों राज्यों की पुलिस के बीच समन्वय महत्वपूर्ण माना जाता है।
गिरफ्तार करने के बाद संबंधित थाने को सौंपने का प्रावधान
पुलिस प्रक्रिया के अनुसार किसी अन्य थाना क्षेत्र या राज्य में दर्ज मामले में जारी वारंट के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किए जाने के बाद उसे संबंधित थाना या सक्षम न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए सौंपा जाता है।
ऐसे में राजेंद्र पासवान को गिरफ्तार करने के बाद कथित तौर पर छोड़ दिए जाने के मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल विभागीय कार्रवाई जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









