नीतीश कुमार ने भर दिया नामांकन: अमित शाह की मौजूदगी में NDA के पांचों उम्मीदवारों ने भरा पर्चा, जानिये कब तक बने रहेंगे मुख्यमंत्री
Nitish Kumar files nomination: All five NDA candidates file papers in Amit Shah's presence; find out how long he will remain Chief Minister.

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने औपचारिक रूप से पर्चा दाखिल कर दिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में एनडीए के सभी पांच उम्मीदवारों ने नामांकन किया। हालांकि सियासी हलचल के बीच फिलहाल नीतीश कुमार के तत्काल इस्तीफे की संभावना नहीं है और वे 10 अप्रैल तक मुख्यमंत्री बने रह सकते हैं।
________________________________________
Nitish Kumar News : राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन बिहार की राजनीति में हलचल और तेज है। मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने गुरुवार को औपचारिक रूप से राज्यसभा के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। उनके साथ एनडीए के अन्य पांचों उम्मीदवारों ने भी पर्चा भरा। नामांकन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah की मौजूदगी ने इस राजनीतिक घटनाक्रम को और महत्वपूर्ण बना दिया।
नामांकन प्रक्रिया में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। इस मौके पर एनडीए के शीर्ष नेताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन किया। नीतीश कुमार ने स्वयं जदयू अध्यक्ष के रूप में पहले ही घोषणा कर दी थी कि वे राज्यसभा चुनाव लड़ेंगे। उनके इस फैसले के साथ ही बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता के रूप में उनके कार्यकाल के अंत की अटकलें तेज हो गई हैं।
हालांकि नीतीश कुमार तुरंत मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगे। सूत्रों के मुताबिक भाजपा या एनडीए में फिलहाल नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं है। नई सरकार के गठन या नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर भी तत्काल कोई निर्णय नहीं लिया जा रहा है।नीतीश कुमार 10 अप्रैल 2026 तक बिहार के मुख्यमंत्री पद पर बने रह सकते हैं। दरअसल, राज्यसभा का मौजूदा कार्यकाल 10 अप्रैल तक है और नया कार्यकाल उसके बाद शुरू होगा।
ऐसे में जब तक वे उच्च सदन के सदस्य के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण नहीं कर लेते, तब तक उनके मुख्यमंत्री बने रहने की संभावना है।इस बीच जदयू कार्यकर्ताओं के बीच विरोध के स्वर भी सुनाई दे रहे हैं।
कई समर्थक सड़कों पर उतरकर अपने नेता के फैसले पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। उनका मानना है कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद पर ही बने रहना चाहिए। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने फिलहाल संयम बरतने की अपील की है।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को बिहार सरकार में डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। साथ ही जनता दल यूनाइटेड की कमान भी उनके हाथों में सौंपी जा सकती है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।









