NTA परीक्षा में फिर कुप्रबंधन: AIAPGET परीक्षा के दौरान बंद हुए सिस्टम, नकल के भी लगे आरोप, अभ्यर्थियों का फूटा गुस्सा
Another instance of mismanagement in an NTA exam: Systems shut down during the AIAPGET exam, allegations of cheating surfaced, and candidates expressed their outrage.

National Testing Agency (NTA) द्वारा आयोजित ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट टेस्ट (AIAPGET) 2026 के दौरान जयपुर के एक केंद्र पर तकनीकी कुप्रबंधन और बिजली गुल होने का मामला सामने आया है। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज सेंटर पर कंप्यूटर बंद होने से 49 उम्मीदवार अपना पेपर पूरा नहीं कर सके। घटना के बाद अभ्यर्थियों ने केंद्र के बाहर जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। NTA ने असुविधा पर खेद जताते हुए प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 1 सितंबर को दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है।
परीक्षा शुरू होने के कुछ ही देर में ठप पड़े कंप्यूटर
22 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे की पाली में परीक्षा का आयोजन किया जा रहा था। परीक्षा शुरू होने के 15 से 30 मिनट के भीतर केंद्र की बिजली चली गई। सीबीटी (Computer Based Test) मोड में परीक्षा होने के कारण सभी कंप्यूटर बंद पड़ गए। छात्रों का आरोप है कि केंद्र पर जनरेटर या पावर बैकअप की समुचित व्यवस्था नहीं थी। अभ्यर्थियों का यह भी दावा है कि परीक्षा के दौरान ही पावर सप्लाई की सर्विसिंग का काम चल रहा था।
हंगामा, नकल के आरोप और लिखित आदेश की मांग
बिजली कटने के बाद छात्रों को परीक्षा हॉल से निकालकर ग्राउंड में बैठा दिया गया। समय की भरपाई न किए जाने और परीक्षा बाधित होने पर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि बाहर निकाले जाने के बाद कई छात्र आपस में प्रश्नों को लेकर चर्चा करने लगे, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित हुई। छात्रों ने निष्पक्षता का हवाला देते हुए पूरी परीक्षा रद्द कर नए सिरे से आयोजित करने की मांग की और लिखित आदेश पर अड़े रहे।
NTA का रुख और री-एग्जाम की तारीख
NTA के अनुसार, देश के 200 केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा के लिए 36,979 उम्मीदवार पंजीकृत थे, जिनमें से 35,837 परीक्षा में शामिल हुए। जयपुर के इस केंद्र पर पहुंचे 192 में से 49 अभ्यर्थी परीक्षा पूरी नहीं कर सके। NTA ने इस गड़बड़ी के लिए परीक्षा संचालन एजेंसी ‘M/s Eduquity Career Technologies Private Limited’ को जिम्मेदार ठहराया है।
प्रभावित 49 उम्मीदवारों के लिए अब 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे ‘राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वूमन’, जयपुर में पुनः परीक्षा आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को नया एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा।








