रांची: हथियारों से लैश डकैतों ने मचाया तांडव, परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर किया अधमरा, फिर की लाखों की लूट, बच्चे सहित की तीन की हालत नाजुक

Ranchi: Heavily armed robbers unleashed terror, brutally attacking a family with sharp weapons, leaving them critically injured, and then looted valuables worth lakhs of rupees. Three people, including a child, are in critical condition.

रांची। देर रात डकैतों ने जमकर तांडव किया। नगड़ी थाना क्षेत्र में डकैतों ने एक परिवार के घर में घुसकर ना सिर्फ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि 6 लाख रुपये नकद व जेवरात लूटकर फरार हो गए।

हमले में दंपत्ति और उनका बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात हुई इस घटना में हथियारबंद अपराधियों का जत्था शामिल था।

डकैतों की बर्बरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हमले में परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

घटना उस समय हुई जब परिवार अपने घर में मौजूद था। तभी अचानक कई अपराधी घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर डकैतों ने महिला पर हमला किया, जिससे उसका हाथ टूट गया। वहीं, पुरुष के सिर पर कई गंभीर चोटें आई हैं, जिससे वह खून से लथपथ हो गया।

परिवार का बच्चा भी हमले में बुरी तरह घायल हुआ है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई बताई जा रही है। शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मदद के लिए मौके पर पहुंचे, तो डकैतों ने उन पर भी पत्थरों से हमला कर दिया।

इससे कुछ ग्रामीणों को भी हल्की चोटें आने की सूचना है। डकैतों के आक्रामक रवैये के चलते कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

इस दौरान डकैतों ने घर से करीब 6 लाख रुपये नकद और कीमती जेवरात लूटकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से निकल गए।

घटना की सूचना मिलते ही नगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संभावित रास्तों की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित डकैती का प्रतीत हो रहा है। संभावना जताई जा रही है कि अपराधियों को घर में रखे नकदी और जेवरात की पहले से जानकारी थी। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित परिवार और आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं और फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है।

इस घटना के बाद नगड़ी थाना क्षेत्र के ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था कमजोर बनी हुई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles