धनबाद: कोयला लोडिंग पॉइंट पर दर्दनाक हादसा! पानी पीने जा रही महिला मजदूर को हाइवा ने कुचला, मौत के बाद भड़का गुस्सा

धनबाद: झारखंड के धनबाद स्थित गोंदुडीह बीसीसीएल लोडिंग पॉइंट पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 58 वर्षीय महिला मजदूर की हाइवा की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे लोडिंग पॉइंट पर आक्रोश फैल गया। गुस्साए मजदूरों ने शव के साथ प्रदर्शन शुरू कर दिया और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की।
पानी पीने जा रही थीं, तभी हाइवा ने कुचल दिया
मृतका की पहचान कौशल्या देवी (58) के रूप में हुई है, जो लंबे समय से बीसीसीएल के गोंदुडीह लोडिंग पॉइंट पर कोयला लोडिंग का कार्य कर रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एमपीएल कंपनी की एक हाइवा कांटा घर से वजन कराने के बाद लोडिंग पॉइंट की ओर जा रही थी। इसी दौरान कौशल्या देवी पानी पीने के लिए जा रही थीं कि तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक-खलासी फरार, मजदूरों का फूटा गुस्सा
दुर्घटना के तुरंत बाद हाइवा चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। इससे नाराज मजदूरों ने हाइवा का शीशा तोड़ दिया और शव के साथ धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के कारण लोडिंग पॉइंट पर कामकाज ठप हो गया और काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
मजदूरों ने लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का आरोप है कि लोडिंग पॉइंट पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार कंपनी प्रबंधन को पहले भी चेताया गया था, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
मजदूर नेताओं ने मृतका के परिजनों को सम्मानजनक मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की।
पुलिस जांच में जुटी, हाइवा जब्त
घटना की सूचना मिलते ही गोंदुडीह थाना पुलिस और सीआईएसएफ के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे मजदूरों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे।
गोंदुडीह थाना प्रभारी लव कुमार चौधरी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक और खलासी की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमसीएच भेजने की प्रक्रिया चल रही है और मामले की जांच जारी है।
खबर लिखे जाने तक लोडिंग पॉइंट पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी। पुलिस, कंपनी प्रबंधन और मजदूर नेताओं के बीच वार्ता जारी थी।









