झारखंड: शिक्षक के खिलाफ गुमनाम पत्र से मचा हड़कंप, छात्राओं का पत्र पहुंचा डीसी सहित अन्य अफसरों के पास, जांच टीम गठित, कड़े एक्शन की तैयारी..
Jharkhand: An anonymous letter against a teacher caused a stir, the girl students' letter reached the DC and other officers, an investigation team was formed, preparations for strict action were being made.

रांची। स्कूली छात्रा ने शिक्षक पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। मामले में गुमनाम शिकायत के आधार पर जांच शुरू हो गयी है। जानकारी के मुताबिक रांची के रातू रोड स्थित एक मिडिल स्कूल में छात्राओं ने एक शिक्षक पर छेड़छाड़ और अश्लील व्यवहार का गंभीर आरोप लगाया है।
गुमनाम पत्र शिक्षा सचिव, उपायुक्त (डीसी) और अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक रातू रोड इलाके के एक मिडिल स्कूल से शर्मनाक मामला सामने आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है।
पत्र के आधार पर जानकारी मिल रही है कि स्कूल की छात्राओं के साथ एक शिक्षक उनके साथ लगातार छेड़छाड़ करता है और अश्लील बातचीत करता है। छात्राओं ने गुमनाम पत्र लिखकर शिक्षा सचिव, जिला उपायुक्त और विभागीय अधिकारियों से इसकी शिकायत की। पत्र सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल संज्ञान लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
डीसी ने दिए जांच के निर्देश
सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने देर रात संज्ञान लिया और एक्स (पूर्व ट्विटर) पर स्पष्ट लिखा कि मामले की गहन जांच की जाएगी। उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक (डीईओ) और जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीएसई) को तुरंत जांच करने का निर्देश दिया।
शिक्षा अधीक्षक ने बनाई जांच कमेटी
वहीं जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज ने जानकारी दी कि उपायुक्त के निर्देश के बाद शिक्षा विभाग की एक टीम स्कूल पहुंची। टीम ने सभी बच्चों से एक-एक कर बातचीत की और उनकी राय जानी। इसके अलावा, शिक्षकों से भी इस मामले पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि जांच पूरी होने तक स्कूल के सभी शिक्षकों की छुट्टी रद्द कर दी गई है ताकि स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके।
उन्होंने कहा कि छात्राओं की शिकायत बेहद गंभीर है और इस पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए विशेष जांच कमेटी बना दी गई है जो जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
डीईओ का बयान
इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी विनय कुमार ने कहा कि,”कल रात मुझे जानकारी मिली कि एक मिडिल स्कूल के शिक्षक ने छात्रा के साथ दुर्व्यवहार किया है। व्हाट्सएप मैसेज का भी आदान-प्रदान हुआ है, जो आपत्तिजनक है। इस पर कड़ी आपत्ति जताई गई है। मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है और उसे 24 घंटे में रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। यदि शिक्षक दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। ताकि यह संदेश जाए कि कोई भी शिक्षक ऐसी हरकतें करके बच नहीं सकता।”
क्या है पूरा मामला?
छात्राओं की शिकायत है कि संबंधित शिक्षक उनसे अश्लील बातें करता है और अनुचित व्यवहार करता है। इस शिकायत के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जांच टीम को छात्रों और शिक्षकों से कई अहम जानकारियां मिली हैं। अब इस पूरे मामले की रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी।
कड़ी कार्रवाई की तैयारी
शिक्षा अधीक्षक बादल राज ने कहा कि अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ न केवल विभागीय बल्कि कानूनी कार्रवाई भी होगी। उन्होंने कहा कि, “यह मामला संवेदनशील है और छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।”







