महिला दारोगा सस्पेंड: थप्पड़ मारने वाली महिला अवर निरीक्षक निलंबित, VIRAL VIDEO पर हुआ बड़ा एक्शन, विभागीय जांच के आदेश

Female sub-inspector suspended: Slapping female sub-inspector suspended, major action taken on viral video, departmental inquiry ordered

जमीन विवाद की जांच के दौरान युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) ने महिला दारोगा को निलंबित कर दिया है।
________________________________________

Daroga suspend : पुलिस की कार्यशैली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जमीन विवाद की जांच के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होना बिहटा थाना में पदस्थापित महिला पुलिस अवर निरीक्षक को भारी पड़ गया।

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला दरोगा श्वेता भारती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) ने यह भी संकेत दिया है कि निलंबन के साथ-साथ पूरे मामले की विभागीय जांच आगे भी जारी रहेगी। जांच पूरी होने के बाद दोष सिद्ध होने की स्थिति में महिला दरोगा के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

मामले को लेकर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने निलंबन की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशिक्षण के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मियों को यह सिखाया जाता है कि वे अनुशासन में रहते हुए सौम्य, संयमित और शांत व्यवहार के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

कानून के दायरे में रहकर काम करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन इस मामले में महिला अवर निरीक्षक की कार्यशैली तय मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वीडियो फुटेज के अवलोकन और प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि जांच के दौरान लापरवाही और अनुचित आचरण किया गया है। इसी आधार पर विभागीय नियमों के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि कानून का पालन कराने वाली पुलिस खुद कानून और मर्यादा से ऊपर नहीं हो सकती।

बताया जा रहा है कि यह घटना करीब एक सप्ताह पहले की है। बिहटा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर सूर्यमंदिर के पास भूमि विवाद की शिकायत मिलने के बाद महिला दरोगा श्वेता भारती पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची थीं।

विवाद की जांच के दौरान किसी बात को लेकर बहस बढ़ गई और इसी क्रम में उन्होंने प्रवीण कुमार नामक युवक को कथित तौर पर जोरदार थप्पड़ मार दिया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आते ही स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच पुलिस की कार्यशैली को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई लोगों ने इसे पुलिस की मनमानी करार दिया, तो कुछ ने विभाग से सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस प्रशासन पर भी दबाव बढ़ने लगा।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वीडियो वायरल होने के बाद मामले की निष्पक्षता बनाए रखने और विभागीय अनुशासन को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से उच्च अधिकारियों ने तत्काल जांच शुरू कर दी। जांच में प्रथम दृष्टया यह माना गया कि मौके पर स्थिति को संभालने के बजाय बल प्रयोग किया गया, जो नियमों के खिलाफ है।

Related Articles