झारखंड- सांसद के भाई की मौत: तेज रफ्तार ट्रक ने सांसद के भाई को कुचला, मौके पर ही मौत, खुद सांसद ने मौके पर पहुंचकर…

Jharkhand MP's brother dies: A speeding truck crushed the MP's brother, killing him on the spot. The MP himself arrived at the scene...

सड़क दुर्घटना में सांसद के भाई की मौत हो गयी। रविवार को धमनियां मोड़ के पास तेज रफ्तार गैस लदे ट्रक की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
________________________________________

चतरा। एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा सांसद के भाई की मौत हो गयी। हादसा के बाद लोग काफी आक्रोशित हो गये। घटना चतरा जिले की है, जहां रविवार को एक और दर्दनाक हादसे ने जिले को झकझोर कर रख दिया। धमनियां मोड़ के पास तेज रफ्तार गैस लदे ट्रक की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान प्रह्लाद सिंह के रूप में हुई है, जो सदर थाना क्षेत्र के आरा गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि वे चतरा सांसद कालीचरण सिंह के चचेरे भाई थे। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।

घटना की जानकारी मिलते ही खुद चतरा सांसद कालीचरण सिंह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सांसद ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुजुर्ग सड़क किनारे पैदल जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे गैस लदे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर सदर थाना ले आई है और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

इस हादसे के बाद आरा गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मृतक के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने धमनियां मोड़ को दुर्घटना संभावित क्षेत्र बताते हुए प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इस मोड़ पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।

लोगों ने मांग की है कि यहां स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था की जाए, ताकि आगे इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

मामले को लेकर सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

साथ ही हादसे के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।वहीं, चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि पिछले साल जिले में करीब 140 से 150 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई थी।

Related Articles