Ranchi Crime News: काली स्कॉर्पियो में सवार बनकर घूमते रहे ‘मौत’, किन्नर को कुचला, युवक को अधमरा किया, पुलिस फायरिंग के बाद दो आरोपी गिरफ्तार

Ranchi Crime News: Roamed around in a black Scorpio disguised as 'death', crushed a transgender person, left a young man half dead, two accused arrested after police firing

राजधानी रांची में स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने आतंक मचा दिया। दोनों ने एक किन्नर को कुचलकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और बीच-बचाव करने आए कॉलेज छात्र को अधमरा कर सड़क पर फेंक दिया। पुलिस पर जानलेवा हमला करने के बाद पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें एक आरोपी घायल हुआ। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
________________________________________

रांची। देर रात से मंगलवार सुबह तक शहर की सड़कों पर ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने पुलिस और आम लोगों को दहला दिया। काले रंग की एक स्कॉर्पियो कार में सवार दो युवक घंटों तक शहर में मौत बनकर घूमते रहे।

  1. इस दौरान उन्होंने एक किन्नर को कुचलकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, वहीं बीच-बचाव करने आए एक कॉलेज छात्र को बुरी तरह पीटकर अधमरा हालत में सड़क पर फेंक दिया। आरोपियों ने पुलिस टीम पर भी बार-बार गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को फायरिंग कर उन्हें काबू में करना पड़ा।

घटना की शुरुआत सोमवार देर रात उस वक्त हुई, जब डायल 112 पर एक व्यक्ति ने सूचना दी कि काले रंग की स्कॉर्पियो (नंबर JH01FD52) में सवार दो युवक एक किन्नर को कुचलकर फरार हो गए हैं और एक युवक की हत्या कर शव को अपने वाहन में लेकर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही रांची पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। पुलिस की एक टीम ने घायल किन्नर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जबकि दूसरी टीम संदिग्ध स्कॉर्पियो की तलाश में शहर की सड़कों पर निकल पड़ी।

इस बीच कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय को सूचना मिली कि स्कॉर्पियो कांके रिंग रोड की ओर बढ़ रही है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर बैरिकेडिंग की, लेकिन कार सवार आरोपियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और तेज रफ्तार में फरार हो गए।

पुलिस पर चार बार गाड़ी चढ़ाने की कोशिश
डीएसपी प्रकाश सोय के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे से पुलिस ने स्कॉर्पियो का पीछा शुरू किया। कचहरी चौक से लेकर कांके रिंग रोड, तिलता चौक, मांडर और नगड़ी तक कई जगहों पर घेराबंदी की गई।

इस दौरान आरोपियों ने पुलिस वाहनों को चार बार कुचलने की कोशिश की और कई पुलिस गाड़ियों को टक्कर भी मारी। हालात ऐसे बन गए कि पुलिस और आम नागरिकों की जान पर गंभीर खतरा मंडराने लगा।

फायरिंग के बाद काबू में आए आरोपी
जब पुलिस को लगा कि आरोपियों को तत्काल नहीं रोका गया तो बड़ी घटना हो सकती है, तब पुलिस ने फायरिंग का फैसला लिया। पहले कार के टायर पर निशाना साधा गया, लेकिन गाड़ी नहीं रुकी। इसके बाद पुलिस ने कार पर फायरिंग की, जिसमें ड्राइवर सीट पर बैठे युवक इश्तियाक के कमर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो को रोककर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

दूसरे आरोपी की पहचान गुलफाम, निवासी नगड़ी (रांची) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि जिस युवक की हत्या की सूचना मिली थी, वह बंटी कुमार, एक कॉलेज छात्र है। वह गंभीर हालत में नागा बाबा खटाल के पास मिला, जिसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घायल किन्नर के दोनों पैर टूट गए हैं और उसका इलाज भी अस्पताल में जारी है।

बार में हुआ विवाद, फिर मचाया तांडव
पुलिस जांच में सामने आया है कि इश्तियाक और गुलफाम ने कचहरी चौक स्थित एक बार में किन्नरों के साथ शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों ने किन्नर को सड़क पर फेंककर स्कॉर्पियो से कुचल दिया।

जब कॉलेज छात्र बंटी कुमार बीच-बचाव के लिए आगे आया, तो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और स्टेट बैंक, कचहरी चौक के पास बेरहमी से पीटा। आरोप है कि उन्होंने बंटी का सिर कई बार सड़क के डिवाइडर पर भी पटका।

जब बंटी के दोस्त मौके पर पहुंचे, तो आरोपी उसे जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए। इसी के बाद बंटी के दोस्तों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिससे पूरी घटना का खुलासा हुआ।

Related Articles