झारखंड: परीक्षा केंद्र में छात्र को अंचलाधिकारी ने मारे झापड़, अब सीओ के खिलाफ परिजनों के साथ सामाजिक संगठनों ने भी खोला मोर्चा

Jharkhand: Circle Officer slaps student at examination centre, now family members and social organisations have opened a front against the CO.

बरवाडीह: अंचलाधिकारी की छात्र से मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परीक्षा के दौरान हुई मारपीट की घटना के बाद अब अंचलाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज होने लगी है। दरअसल बरवाडीह में इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान 16 वर्षीय छात्र के साथ कथित मारपीट की घटना हुई थी। अब सामाजिक संगठनों ने भी अंचलाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर मांग तेज कर दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने पर विवश होगा।

 

जानकारी के मुताबिक छिपादोहर स्थित संत मरियम मिडिल स्कूल परीक्षा केंद्र में हुई इस घटना को लेकर परिजनों द्वारा प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षा के दौरान निरीक्षण के लिए पहुंचे बरवाडीह के अंचल अधिकारी लोकेश सिंह पर आरोप है कि परीक्षा कक्ष में पहली पंक्ति में बैठे छात्र मनदीप यादव (16 वर्ष), पिता – राजेश्वर यादव, को मामूली बात पर तीन–चार थप्पड़ मार दिए गए.

इस घटनाक्रम को लेकर परिजनों का कहना है कि छात्र न तो नकल करते पकड़ा गया था और न ही उसके खिलाफ कोई शिकायत थी। घटना के बाद छात्र मानसिक रूप से आहत बताया जा रहा है। इस मामले में भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष जगजीवन राम ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा केंद्र में किसी छात्र के साथ मारपीट की घटना हुई है, तो यह अत्यंत निंदनीय और अस्वीकार्य है।

इस मामले में अब सामाजिक संगठनों की भी नाराजगी सामने आ रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जगजीवन राम ने कहा कि परीक्षा का माहौल छात्रों के लिए संवेदनशील होता है, ऐसे समय में किसी भी प्रकार की शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना विद्यार्थियों के भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है।

Related Articles