झारखंड में नर्सिंग एडमिशन होगा आसान: अब 40 नहीं, सिर्फ 25 परसेंटाइल पर हो जायेगा एडमिशन, स्वास्थ्य विभाग का प्रस्ताव कैबिनेट में मंजूरी के लिए भेजा गया…

Nursing admissions in Jharkhand to become easier: Admissions will now be based on a 25 percentile, not a 40 percentile. The Health Department's proposal has been sent to the cabinet for approval.

झारखंड सरकार राज्य के नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश के नियमों में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। अब प्रवेश के लिए जरूरी न्यूनतम अंक 40 परसेंटाइल से घटाकर 25 परसेंटाइल करने की तैयारी है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए संशोधित नियमावली का मसौदा तैयार किया है, जिस पर अंतिम फैसला कैबिनेट की मंजूरी के बाद होगा।

________________________________________

 

रांची। झारखंड में नर्सिंग प्रवेश प्रक्रिया में बड़ा बदलाव होने वाला है। नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए तय न्यूनतम योग्यता अंक (परसेंटाइल) को कम किया जा सकता है। कैबिनेट के लिए जो प्रस्ताव तैयार किया गया है, उसके मुताबिक अब तक लागू 40 परसेंटाइल की सीमा को घटाकर 25 परसेंटाइल किया जा सकता है। मिली जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने इस बदलाव के लिए नियमों में संशोधन का मसौदा तैयार कर लिया है।

 

बताया जा रहा है कि यह संशोधन “झारखंड राज्य अंतर्गत नर्सिंग संस्थानों के प्रबंधन, नामांकन एवं परीक्षा संचालन नियमावली” में किया जाना प्रस्तावित है। हालांकि यह बदलाव तभी लागू होगा जब राज्य मंत्रिमंडल से इसे अंतिम मंजूरी मिल जाएगी। कैबिनेट की स्वीकृति के बाद ही इसे औपचारिक रूप से लागू किया जाएगा और आगामी नामांकन प्रक्रिया में नया नियम प्रभावी हो सकेगा।

 

झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) द्वारा आयोजित नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए कम से कम 40 परसेंटाइल अंक प्राप्त करना अनिवार्य होता है। इससे कम अंक पाने वाले अभ्यर्थी प्रवेश प्रक्रिया से बाहर हो जाते हैं। लेकिन प्रस्तावित बदलाव लागू होने पर 25 परसेंटाइल अंक हासिल करने वाले उम्मीदवार भी नामांकन के लिए पात्र माने जाएंगे।

 

इस निर्णय से नर्सिंग कॉलेजों में खाली रह जाने वाली सीटों को भरने में मदद मिलेगी। कई संस्थानों में हर साल सीटें खाली रह जाती हैं, क्योंकि पर्याप्त संख्या में छात्र क्वालीफाइंग मार्क्स हासिल नहीं कर पाते। नए नियम के बाद अधिक छात्र प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।झारखंड में नर्सिंग कोर्स की कुल सीटों की संख्या करीब 2500 से 3000 के बीच बताई जाती है। इनमें अलग-अलग पाठ्यक्रमों के लिए सीटों का बंटवारा किया गया है।

• एएनएम कोर्स में लगभग 1500 से अधिक सीटें उपलब्ध हैं।

• जीएनएम कोर्स में करीब 300 सीटें हैं।

• वहीं बीएससी नर्सिंग के लिए लगभग 600 से 800 सीटें निर्धारित हैं।

 

राज्य में वर्तमान समय में करीब 100 से 105 नर्सिंग कॉलेज संचालित हो रहे हैं। इनमें सरकारी संस्थानों के साथ-साथ निजी और ट्रस्ट द्वारा संचालित कॉलेज भी शामिल हैं। इन संस्थानों में एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक नर्सिंग जैसे विभिन्न कोर्स चलाए जाते हैं।

 

सरकारी संस्थानों की बात करें तो प्रमुख मेडिकल कॉलेजों में भी नर्सिंग सीटें उपलब्ध हैं।

• रिम्स, रांची में लगभग 50 सीटें

• पीएमसीएच, धनबाद में करीब 40 सीटें

• एमजीएम मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर में लगभग 30 सीटें मौजूद हैं।

हालांकि इस प्रस्तावित फैसले को लेकर विशेषज्ञों की राय भी सामने आ रही है। कुछ शिक्षा और स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इससे अधिक छात्रों को अवसर जरूर मिलेगा, लेकिन नर्सिंग जैसे संवेदनशील स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखना भी बेहद जरूरी है।

ashrita

It is one of the rapidly emerging news websites of the country. HPBL has proved its name (Har Pal Breaking Live) meaningful every time. HPBL, which has become a trusted brand of Bihar-Jharkhand, check every news of HPBL for its reliability before delivering it to you. The reporters and desk staff of hpblnews.com news website work on a 24X7 mission mode for you, the readers.

Related Articles